Mumbai News: जोगेश्वरी इलाके में नाबालिग लड़की से गैंगरेप, पांच आरोपी गिरफ्तार

जोगेश्वरी इलाके में नाबालिग लड़की से गैंगरेप, पांच आरोपी गिरफ्तार
X

Minor Girl Gangraped in Mumbai : महाराष्ट्र। मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में नाबालिग लड़की से गैंगरेप की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग की उम्र 12 से 15 साल के बीच की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (Pocso) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि, मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में नाबालिग लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया और दो अन्य लोगों ने उसे परेशान किया। जोगेश्वरी पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, जोगेश्वरी ईस्ट में रहने वाली नाबालिग लड़की घर में झगड़े के बाद नाराज होकर स्टेशन चली गई थी। वहां उसे कुछ परिचित लोग मिले, जो उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गए। वहां 26 फरवरी की रात तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह 27 फरवरी को लड़की वहां से भाग निकली और घाटकोपर पहुंच गई।

घाटकोपर में दो अन्य युवकों ने उसे झांसे में लिया और पहले मरीन ड्राइव, फिर दादर ले गए। नाबालिग पीड़िता के बयान के अनुसार, इन दोनों ने उसके साथ छेड़खानी और बदसलूकी की। इस बीच, लड़की के परिवार ने जोगेश्वरी पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मुंबई पुलिस ने पूरे शहर में उसकी तलाश शुरू की और आखिर में वो दादर स्टेशन में मिली।

पुलिस ने दादर में मौजूद दोनों युवकों को गिरफ्तार किया, जो उसके साथ बदसलूकी कर रहे थे। इसके बाद पीड़िता के बयान के आधार पर गैंगरेप के तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


Tags

Next Story