Delhi Election: दिल्ली में बोले पीएम मोदी - मैं भी कोई शीशमहल बना सकता था, लेकिन...

नई दिल्ली। मैं भी कोई शीशमहल बना सकता था लेकिन मैंने 4 करोड़ से अधिक गरीबों के घर बनाए...यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कही है। पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली से भाजपा के इलेक्शन कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसी के साथ उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा है।
अशोक विहार के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "वर्ष 2025 राष्ट्रीय राजधानी में सुशासन को नई दिशा देगा। इस वर्ष जनकल्याण और राष्ट्रकल्याण की नई राजनीति की शुरुआत होगी और इसलिए 'आपदा हटाओ, भाजपा लाओ।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में यातायात की समस्या को हल करने वाली परियोजनाओं के संबंध में दिल्ली के सांसदों द्वारा दिए गए कई सुझावों को सैद्धांतिक रूप से सहमति दे दी है।"
"दिल्ली में हर कोई यमुना की स्थिति देख सकता है। इनकी (आप) बेशर्मी देखिए, यह कैसी 'आपदा' है, वे कहते हैं कि यमुना को साफ करने से उन्हें वोट नहीं मिलेंगे - अगर इससे आपको वोट नहीं मिलेंगे, तो क्या आप यमुना को ऐसे ही छोड़ देंगे?... इस 'आपदा' ने दिल्ली के लोगों की जिंदगी को टैंकर माफिया के हाथों में सौंप दिया है।"
अशोक विहार के रामलीला मैदान में नरेंद्र मोदी ने कहा, "यह आप, यह आपदा, दिल्ली पर आई है और इसलिए दिल्ली के लोगों ने आपदा के खिलाफ युद्ध शुरू कर दिया है। दिल्ली के मतदाताओं ने मन बना लिया है कि दिल्ली को इस आपदा से मुक्त करना है।" दिल्ली का हर मतदाता कह रहा है, 'हम आपदा को बर्दाश्त नहीं करेंगे, हम इसे बदल देंगे।'
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले 10 सालों में दिल्ली 'आपदा' से घिरी हुई है। अन्ना हजारे को आगे करके कुछ 'कट्टर बेईमान' लोगों ने दिल्ली को 'आपदा' की ओर धकेल दिया है। 'आप' आपदा के रूप में दिल्ली पर आई है।
"वीर सावरकर के नाम पर नजफगढ़ में एक नया कॉलेज बनने जा रहा है। जो लोग पिछले 10 सालों से दिल्ली की सत्ता में हैं - उन्होंने स्कूली शिक्षा को नुकसान पहुंचाया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली को जो पैसा दिया है - दिल्ली की मौजूदा सरकार ने उसका आधा भी शिक्षा पर खर्च नहीं किया है।"