Pujari Granthi Samman Yojana: अरविंद केजरीवाल ने किया ऐलान - हर महीने पुजारियों को मिलेंगे 18 हजार


Pujari Granthi Samman Yojana : नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव से पहले आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक और नई योजना की घोषणा की है। इस बार अरविंद केजरीवाल के पिटारे में से पुजारियों और ग्रंथियों के लिए खुशखबरी है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आज मैं एक योजना के संबंध में एक महत्वपूर्ण घोषणा कर रहा हूं। योजना का नाम पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना है। इसके तहत मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारा के ग्रंथियों को मानदेय देने का प्रावधान है। उन्हें लगभग 18,000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। यह देश में पहली बार हो रहा है। उन्होंने कभी अपने परिवार पर ध्यान नहीं दिया और हमने कभी उन पर ध्यान नहीं दिया।"
BJP वाले रजिस्ट्रेशन ना रोकें :
भाजपा पर निशाना साधकर अरविंद केजरीवाल ने कहा - "BJP वाले पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन ना रोकें। बीजेपी वालों ने महिला सम्मान और संजीवनी योजना के रजिस्ट्रेशन को रोकने की असफ़ल कोशिश की। अब ये लोग पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन ना रोकें वरना इन्हें बहुत पाप लगेगा।"
कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन :
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, 'पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन कल (31 दिसंबर 2024) से शुरू होंगे। अरविंद केजरीवाल कल राजीव चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर में पुजारियों के रजिस्ट्रेशन करेंगे। इसके बाद पूरी दिल्ली में रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।