Yamuna Clean-Up Begins: नजफगढ़ नाले की सफाई से होगी यमुना शुद्ध

Yamuna Clean-Up Begins!
नई दिल्ली। दीपक उपाध्याय। दिल्ली में यमुना नदी की सफाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की दिल्ली सरकार को जो मंत्र दिया था। उसी से रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने अपना कामकाज शुरु किया है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद शाम को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ पूरी दिल्ली कैबिनेट ने वासुदेव घाट पर मां यमुना जी की आरती में हिस्सा लिया। आरती के तुरंत बाद दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक में भी यमुना सफाई को लेकर कई फैसले किए गए।
इसपर दिल्ली भाजपा के प्रभारी बिजेन पांडा ने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी ने यमुना सफाई को निर्देश दिया था। अब यमुना दिल्ली की शान बनेगी। मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी जी ने साबरमती फ्रंट बनाया था, उसी से प्रेरणा लेकर हम यमुना को साफ करेंगे। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में ही कई सारे वादे पूरे होने लगेगें।
दिल्ली में मैली यमुना को लेकर लंबे समय से आम जनता में मुद्दा बना हुआ है। इसी वजह से दिल्ली के उपराज्यपाल ने यमुना की सफाई को लेकर एक्शन प्लान बनाकर काम करना भी शुरु कर दिया था। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार इसको लेकर कोर्ट पहुंच गई थी। जिस योजना को उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने शुरु किया था, उसके तहत ही नई दिल्ली सरकार भी कार्य को आगे बढ़ाएगी।
दरअसल दिल्ली में वजीराबाद तक यमुना साफ रहती है, लेकिन वजीराबाद के पुल के बाद नजफगढ़ नाले के यमुना नदी में मिलने के बाद नदी काफी गंदी हो जाती है। इसके बाद कई ओर छोटे नाले नदी में मिल जाते हैं, इसकी वजह से यमुना नदी काफी मैली हो जाती है।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने नजफगढ़ नाले की सफाई के साथ साथ इसपर बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स को भी दोबारा चालू कराना शुरु कर दिया था। लेकिन यह काम केजरीवाल सरकार ने रुकवा दिया था। लेकिन अब भाजपा सरकार दोबारा से यह ट्रीटमेंट प्लांट चालू करवाकर, नजफगढ़ नाले के पानी को साफ करने के बाद यमुना नदी में जाने देगी। इससे यमुना नदी काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।