President Draupadi Murmu CG Visit: दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , महतारी वंदन योजना की 9वीं किस्त करेंगी जारी

दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , महतारी वंदन योजना की 9वीं किस्त करेंगी जारी

President Draupadi Murmu Chhattisgarh Visit : रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंच गई हैं। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका और सीएम विष्णु देव साय ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति रायपुर एयरपोर्ट से सीधे रायपुर एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए रवाना हो गईं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एम्स रायपुर के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहेंगे। दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत 514 छात्रों को डिग्री दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को 9वीं किस्त की राशि जारी करेंगी। वह 26 अक्टूबर को रायपुर में भगवान जगन्नाथ मंदिर भी जाएंगी।

ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि 25 और 26 अक्टूबर को VVIP रोड पर सामान्य यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। जब काफिला इन रास्तों से गुजरेगा, तब यातायात को फिर से सामान्य कर दिया जाएगा।

वैकल्पिक रास्ते का करें इस्तेमाल

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है। इस दौरान, एयरपोर्ट जाने वाले यात्री जोरा-धरमपुरा मार्ग या सेरीखेड़ी से नवा रायपुर एंट्री मार्ग के जरिए माना एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। इसके अलावा एम्स हॉस्पिटल ऑडिटोरियम और पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम की आवागमन के दौरान VIP मार्ग रिंग रोड नंबर-1 पर सामान्य यातायात कुछ समय के लिए प्रतिबंधित रहेगा।

इसके साथ ही 25 अक्टूबर को रिंग रोड 1 पर भारी मालवाहक वाहनों का आना-जाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन चालक व्हीआईपी मूवमेंट के समय वैकल्पिक मार्ग टाटीबंद-सिलतरा बाइपास से होकर रिंग रोड नंबर 3 का उपयोग कर सकते हैं।

Tags

Next Story