शारदीय नवदुर्गा महोत्सव कल से होगा शुरू, जानिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

नवरात्री महोत्सव कल से होगा शुरू
नईदिल्ली। आद्यशक्ति मां दुर्गा की उपासना-आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि 15 अक्टूबर को घर-घर घट स्थापना के साथ शुरू होगा। नवरात्रि में इस साल माता रानी का वाहन हाथी होगा, जिससे खूब अच्छी वर्षा होती है। इस बार नवरात्र की अवधि नौ दिनों की होगी। इस दौरान मां के अलग-अलग रूपों की आराधना के साथ ही भक्त व्रत रखेंगे। मंदिरों में चुनरी व प्रसाद भी अर्पित किया जा सकेगा। नवरात्रि 23 अक्टूबर को समाप्त होगी। वहीं 24 अक्टूबर को विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा।
इस बार नवरात्र में तिथियों की घटत बढ़त नहीं हो रही है। आश्विन माह की प्रतिपदा तिथि शनिवार रात 11.24 बजे से शुरू होगी। यह 15 अक्टूबर की दोपहर 12.32 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 15 अक्टूबर से होगी। शारदीय नवरात्रि में जगह जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं विराजित कर गरबा आयोजन किया जाता है।
हाथी पर सवार माँ बनाएंगी बिगड़े काम -
धार्मिक मान्यता व ज्योतिषियों के अनुसार नवरात्रि में जब मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं तो ये बेहद शुभ माना जाता है।ज्योतिषाचार्यों के अनुसार हाथी पर सवार होकर मां दुर्गा अपने साथ ढेर सारी खुशियां और सुख-समृद्धि लेकर आती हैं। हाथी को शुभ का प्रतीक माना गया है। ऐसे में आने वाला यह साल बहुत ही शुभ होगा। लोगों के बिगड़े काम बनेंगे। माता रानी की पूजा अर्चना करने वाले भक्तों पर विशेष कृपा बरसेगी।
कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त -
- इस वर्ष कलश स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त 15 अक्टूबर को प्रातः 11:38 से दोपहर 12:23 बजे तक है।
- इस समय अभिजीत मुहूर्त है, जो पूजा पाठ के लिए शुभ माना जाता है।