रीवा में पुलिस और मजदूरों में झड़प, दर्जन भर घायल, गुस्साई भीड़ ने कार में लगाई आग

10 पुलिस कर्मियों समेत तीन थाना प्रभारी घायल

रीवा। बुधवार की सुबह ढेकहा तिराहे में संचालित आस्था मेडिकल स्टोर के सामने से सड़क पर खड़े मजदूरों को हटाने की बात को लेकर उपजा विवाद इस कदर बढ़ गया कि घंटों शहर की कानून व्यवस्था तहस-नहस रही। इस दौरान जमकर पत्थरबाजी और तोड़-फोड़ हुई। एक कार में आग लगा दी गई। आक्रोशित मजदूरों की भीड़ एवं पुलिस ने एक-दूसरे के ऊपर जमकर लाठी-डंडे बरसाये। इस झड़प में दो थाना प्रभारी सहित दस पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। कई मजदूर भी चोटिल हुए हैं जिनको उपचारार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगभग तीन घंटे तक सड़क जाम रही। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने स्वत: मोर्चा संभाला और सख्ती बरती तब जाकर स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका। वर्ना हालात और बेकाबू हो सकते थे। रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया कि आज सुबह स्थानीय ढेकहा तिराहे में सुरक्षा गार्ड एवं मजदूरों के बीच हुये विवाद में मजदूरों ने मेडिकल स्टोर में प्रवेश करने की कोशिश की तथा दुकानों में तोड़-फोड़ की। साथ ही उन्होंने एक कार में आग लगा दी। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो मजदूरों ने पुलिस के साथ भी झूमा-झटकी की।

जिनके द्वारा लॉ एण्ड आर्डर को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है उनके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। एसपी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की सहायता से संदेहियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तीन थाना प्रभारी सहित कई पुलिस कर्मी तथा मजदूर घायल हुए हैं। घायल मजदूरों को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दरअसल शहर में बलवा की स्थिति उस वक्त निर्मित हो गई जब अफवाह फैली कि एक मजदूर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। इस अफवाह के बाद ऐसा आक्रोश भड़का कि मेडिकल स्टोर के पास खड़ी एक कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। चुनाव आचार संहिता प्रभावशील होने के बावजूद भी इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं।

Tags

Next Story