Pranati Nayak Gymnastics: एफआईजी वर्ल्ड कप में गूंजा भारत का नाम, प्रणति नायक ने जीता कांस्य पदक...

Pranati Nayak Gymnastics
Pranati Nayak Gymnastics: भारतीय जिम्नास्ट प्रणति नायक ने तुर्की के अंताल्या में आयोजित एफआईजी आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक एपरेट्स वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉल्ट फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम किया। टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं 29 वर्षीय प्रणति ने फाइनल में कुल 13.417 अंक हासिल किए। वह अमेरिका की जयला हैंग (13.667) और क्लेयर पीज (13.567) के बाद तीसरे स्थान पर रहीं, जिससे उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। उनके इस प्रदर्शन से भारत को अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक स्पर्धाओं में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
प्रणति नायक ने वॉल्ट क्वालिफिकेशन राउंड में 13.317 का स्कोर हासिल किया था, जिससे उन्होंने फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। पदक जीतने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "साल की शुरुआत पदक के साथ करना एक शानदार अहसास है। इस उपलब्धि से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। पिछले साल भी मैंने जीत दर्ज की थी, इसलिए इस बार की खुशी और भी खास है।" उन्होंने आगे कहा, "अब मेरी निगाहें एशिया चैंपियनशिप और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने पर टिकी हैं, यही इस साल का सबसे बड़ा लक्ष्य है।"
प्रणति नायक का जिम्नास्टिक करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। पिछले साल उन्होंने पेरिस ओलंपिक से पहले काहिरा में आयोजित एफआईजी अपैरटस विश्व कप की महिला वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था। इससे पहले वह 2019 में उलानबटेर और 2022 में दोहा में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में भी वॉल्ट में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। प्रणति वॉल्ट स्पर्धा में अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय जिम्नास्ट हैं।
उनसे पहले दीपा करमाकर ने 2018 में मर्सिन में गोल्ड और कॉटबस में कांस्य पदक जीते थे, जबकि अरुणा रेड्डी ने 2018 में मेलबर्न विश्व कप में पदक जीता था। प्रणति ने 2014 और 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों के साथ-साथ एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा उन्होंने 2014, 2017 और 2019 विश्व चैंपियनशिप में भी भाग लिया है।