राष्ट्रीय खेल: ज्योति याराजी और तेजस ने बाधा दौड़ में रचा इतिहास, लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीता

National Games
X

National Games

National Games: आंध्र प्रदेश की स्टार महिला धावक ज्योति याराजी और तेजस शिरसे ने देहरादून में चल रहे राष्ट्रीय खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन किया। दोनों एथलीटों ने अपने-अपने इवेंट में खेलों का नया रिकॉर्ड बनाते हुए लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

ज्योति याराजी ने महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में जबकि तेजस शिरसे ने पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। ये दोनों अपने स्पर्धाओं में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक भी हैं। इससे पहले गुजरात और गोवा में हुए पिछले दो राष्ट्रीय खेलों में भी दोनों ने स्वर्ण पदक जीते थे जिससे उनकी निरंतरता और उत्कृष्टता का प्रमाण मिलता है।

गत एशियाई चैंपियन और 2023 हांगझोउ एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता 25 वर्षीय ज्योति याराजी ने देहरादून में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महिला 100 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में 13.10 सेकेंड का समय निकालते हुए अपना ही पिछला राष्ट्रीय खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा। 2023 में उन्होंने 13.22 सेकेंड में यह रिकॉर्ड बनाया था जबकि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 12.78 सेकेंड है। इस स्पर्धा में पश्चिम बंगाल की मौमिता मंडल ने 13.36 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता जबकि तमिलनाडु की नित्या रामराज ने 13.60 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

22 वर्षीय तेजस शिरसे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13.65 सेकेंड के समय में फिनिश लाइन पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अपने ही राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड (13.71 सेकेंड) में सुधार किया। शिरसे का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13.41 सेकेंड है जिसे उन्होंने पिछले साल स्थापित किया था। इस प्रतियोगिता में तमिलनाडु के मानव राजनारायणन ने 14.03 सेकेंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता जबकि केरल के मुहम्मद लजान ने 14.23 सेकेंड के समय के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

Tags

Next Story