WPL 2025: मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे बड़ी पारी किस बल्लेबाज ने खेली? जानें टॉप 3 पारियों की लिस्ट...

Highest score against MI in WPL
Highest score against MI in WPL: वुमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का सातवां मुकाबला शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में आरसीबी की एलिस पेरी ने शानदार प्रदर्शन किया और अब वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ WPL में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। आइए नजर डालते हैं उन टॉप 3 बल्लेबाजों पर जिन्होंने WPL में मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे बड़ी पारियां खेली हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ WPL में टॉप 3 बड़ी पारियां
एलिस पेरी – 81 रन बनाम मुंबई इंडियंस (बेंगलुरु- 2025)
महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार एलिस पेरी ने WPL 2025 में एक और शानदार पारी खेली। पिछले सीजन में आरसीबी को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली पेरी इस साल भी टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।
मौजूदा सीजन के सातवें मुकाबले में उन्होंने 43 गेंदों में 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 81 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद आरसीबी को जीत नसीब नहीं हुई।
एलिस कैप्सी – 75 रन बनाम मुंबई इंडियंस (बेंगलुरु- 2024)
WPL 2024 का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया, जिसमें मुंबई ने दिल्ली को 4 विकेट से हराया। हालांकि, इस मैच में दिल्ली की बल्लेबाज एलिस कैप्सी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 53 गेंदों में 75 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
दयालन हेमलता – 74 रन बनाम मुंबई इंडियंस (दिल्ली- 2024)
इस सूची में तीसरे स्थान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टॉप ऑर्डर बल्लेबाज दयालन हेमलता का नाम शामिल है। वर्तमान में WPL के मौजूदा सीजन में गुजरात जायंट्स की ओर से खेल रही हैं। उन्होंने WPL के दूसरे सीजन के 16वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी।
इस मैच में हेमलता ने 40 गेंदों पर 74 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। हालांकि, उनकी इस धमाकेदार पारी के बावजूद गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।