बुधनी: आदिवासियों की जमीन पर रिसोर्ट बनाने की तैयारी, भाजपा MLA रमाकांत भार्गव ने निकाली विरोध रैली

बुधनी : भाजपा MLA रमाकांत भार्गव ने निकाली विरोध रैली
मध्यप्रदेश। बुधनी क्षेत्र के गांव यार नगर में आदिवासियों की जमीन का मामला तूल पकड़ रहा है। बीते दिनों भाजपा विधायक रमाकांत भार्गव ने वन विभाग के अधिकारियों को आदिवासियों को परेशान न करने को कहा था। अब वे सड़क पर प्रदर्शन के लिए उतर आए हैं। आरोप है कि, आदिवासियों की 300 एकड़ जमीन पर रिसोर्ट बनाने की तैयारी चल रही है इसलिए आदिवासियों को परेशान किया जा रहा है।
बुधनी के गांव यार में भाजपा सरकार की आदिवासी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला और भाजपा विधायक रमाकांत भार्गव के नेतृत्व में रैली निकाली गई। तहसील मुख्यालय पहुंचकर भाजपा नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। यहां लोगों में वन विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर बेहद आक्रोश है।
आदिवासी वित्त एवं विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला का कहना है कि, 300 एकड़ जमीन पर रिसोर्ट खोलने की तैयारी है। वन विभाग का रवैया सही नहीं है। माफियाओं के कहने पर आदिवासियों को परेशान किया जा रहा है। अधिकारियों को अत्याचार करने का अधिकार नहीं है।
गौरतलब है कि, पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र में यह सब हो रहा है। भाजपा नेताओं ने बुधनी एसडीएम दिनेश सिंह तोमर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया है।
अफसरों के खिलाफ भाजपा विधायक :
रमाकांत भार्गव का कहना है कि, भाजपा सरकार आदिवासियों के साथ है। अगर अधिकारी आदिवासियों को प्रताड़ित करेंगे तो हमारी सरकार आदिवासियों के साथ खड़ी रहेगी।
बीते दिनों रमाकांत भार्गव अपने समर्थकों के साथ यारनगर पहुंचे थे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से नोटिस दिखाने के लिए कहा था। जब अधिकारियों ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिखाया तो विधायक बेहद नाराज हो गए। बिना नोटिस आदिवासियों को परेशान करने के लिए भाजपा विधायक ने अधिकारियों की क्लास लगा दी।
बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने यहां तक कह दिया था कि, अगर आदिवासियों को परेशान किया गया तो वे भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि, उनके द्वारा सीनियर अधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही थी।