भोपाल: सीएम मोहन यादव की घोषणा - देहदान करने वालों को मिलेगा MP में राजकीय सम्मान

सीएम मोहन यादव की घोषणा - देहदान करने वालों को मिलेगा MP में राजकीय सम्मान
X

भोपाल, मध्य प्रदेश। "जो देहदान करेगा उसे राजकीय सम्मान मिलेगा। सभी मेडिकल कॉलेज को इससे फायदा होगा। अंग दान (Organ Donation) करने वालों को 15 अगस्त और 26 जनवरी पर सम्मान दिया जाएगा।" यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने AIIMS भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान की है। हार्ट ट्रांसप्लांट के लिए सीएम ने AIIMS भोपाल के चिकित्सकों का धन्यवाद भी दिया है।

सीएम यादव ने कहा - "यह पहला केस था जब किसी व्यक्ति का हार्ट ट्रांसप्लांट (Heart Transplant) किया गया हो। मैं एम्स के चिकित्सकों का धन्यवाद करता हूँ। मैंने दिनेश मालवीय से मुलाकात की थी। उनका हार्ट सिकुड़कर 20 परसेंट पर ही काम कर रहा था। हार्ट सिकुड़ने के कारण उनका जीवन खतरे में था। मैं बताना चाहता हूँ की 22 जनवरी को वे अस्पताल में भर्ती हुए। 23 को हार्ट ट्रांसप्लांट हुआ। यह बेहद जरुरी है कि, इस ओर ध्यान दिया जाए। हम रोगियों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा दे रहे हैं। जहां हवाई पट्टी नहीं है वहां हेलीकाप्टर की व्यवस्था की गई है। इससे लोगों का जीवन सुरक्षित हो रहा है।"

"अंग दान, देह दान को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। एक देह दान करने से 9 डॉक्टर तैयार होते हैं। वे कई प्रकार की चीजें सीखते हैं। इसलिए हमने निर्णय किया है कि, जो देहदान (Body Donation) करेगा उससे राजकीय सम्मान (State Honour) मिलेगा। सभी मेडिकल कॉलेज को इससे फायदा होगा। हमने सरकार के स्तर पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जो पहले घोषित कर दे या परिजन मृत्यू के बाद देह दान करें उसमें सरकार राजकीय सम्मान देगी। होम डिपार्टमेंट से तालमेल कर व्यवस्था की जाए। प्रदेश में इसके लिए राज्यस्तरीय संस्थान बनेगा। अंग दान करने वालों को 15 अगस्त और 26 जनवरी पर सम्मान दिया जाएगा। मानवता की सेवा के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण दिन है।"

भारत के इन राज्यों में देहदान और अंगदान के लिए मिलता है राजकीय सम्मान :

बता दें कि, मध्य प्रदेश पहला राज्य नहीं है जहां देहदान और अंगदान के लिए राजकीय सम्मान दिया जा रहा है। इसके पहले ओडिशा में एक साल पहले तत्कालीन सीएम नवीन पटनायक ने भी घोषणा की थी कि, देहदान और अंगदान के लिए लोगों को राजकीय सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। राजकीय सम्मान के अलावा अलग - अलग पहल तमाम राज्य सरकारों द्वारा की जा रही है। इसमें तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश भी शामिल है।

अंगदान - देहदान को लेकर सीएम मोहन यादव की घोषणा :

  • देहदान करने वाले व्यक्ति का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा।
  • प्रदेश में अंग प्रत्यारोपण से संबंधित राज्यस्तरीय संस्थान की स्थापना होगी।
  • अंगदान करने वाले व्यक्ति के परिवार को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया जाएगा।
  • अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिवार को राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मानित किया जाएगा।
  • प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में अंगदान व अंग प्रत्यारोपण की सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

Tags

Next Story