MP ने जीते 58 पदक: देव कुमार मीना ने पोल वॉल्ट में रचा इतिहास, स्वर्ण पदक पर किया कब्जा...

MP ने जीते 58 पदक
National Games: उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को हुए मुकाबलों में एमपी ने मॉडर्न पेंटाथलान में 3 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किए, जबकि एथलेटिक्स में 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर अपनी उत्कृष्टता साबित की।
मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 में एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन किया। पोल वॉल्ट व्यक्तिगत पुरुष वर्ग में देव मीणा ने 5.32 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के सुब्रमणि शिवा के नाम था, जिन्होंने 2022 में 5.31 मीटर की ऊंचाई पार की थी।
शॉटपुट पुरुष वर्ग में एमपी के समरदीप सिंह गिल ने 19.38 मीटर गोला फेंकते हुए रजत पदक जीता, जबकि ओलंपियन तजिंदरपाल सिंह टूर ने 19.74 मीटर के साथ स्वर्ण पर कब्जा किया। वहीं, 3000 मीटर स्टीपल चेज़ महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की मंजू यादव ने 10:15.70 मिनट के समय के साथ रजत पदक हासिल किया। अब तक मध्य प्रदेश कुल 58 पदक जीत चुका है।
मॉडर्न पेंटाथलान में मध्य प्रदेश का दबदबा
उत्तराखंड नेशनल गेम्स 2025 में मॉडर्न पेंटाथलान में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बायथले व्यक्तिगत महिला वर्ग में रमा सोनकर ने स्वर्ण पदक जीता जबकि टीम इवेंट में रमा सोनकर, कनक धारीवाल और मानवी श्रीवास्तव की टीम ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। पुरुष टीम इवेंट में यश बत्हरे, आदित्य कुशवाहा और देवेंद्र मरकाम की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक हासिल कर मध्य प्रदेश की पदक तालिका में इजाफा किया। वहीं मिक्स्ड बायथले में रमा सोनकर और आदित्य कुशवाहा की जोड़ी ने रजत पदक जीता।
मध्य प्रदेश ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, सचिव दिग्विजय सिंह और खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता ने खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन पर बधाई दी और उनकी सफलता की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों को दी बधाई, एमपी ने जीते 58 पदक
उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए 58 पदक अपने नाम कर लिए हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश खेलों के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, उत्कृष्ट कोचिंग सुविधाएं और सरकार की प्रभावी खेल नीतियों की बदौलत राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने खुशी जताई कि मध्यप्रदेश अब पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है।