MP Vidhan Sabha: एमपी में डॉक्टर और नर्स के कितने पद खाली, मंत्री के पास जवाब नहीं! विपक्ष ने काटा बवाल

MP Vidhan Sabha
MP Vidhan Sabha : मध्य प्रदेश। विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस ने सदन में सरकार से सवाल पूछा कि, मध्य प्रदेश में डॉक्टर और नर्स के कितने पद खाली हैं। इस सवाल के जवाब में मंत्री ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉक आउट कर दिया।
दरअसल, प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने सवाल पूछा कि, मध्य प्रदेश में अलग - अलग कैटगरी के हॉस्पिटल, उनकी संख्या और उनमें विशेषज्ञ डॉक्टर्स, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पड़े पद की संख्या कितनी है। मध्य प्रदेश में डॉक्टर्स , नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ की कितनी कमी है उसका क्या कारण है यह भी बताया जाए।
इस सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम और स्वास्थ मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा - 'खाली पड़े पद को भरने की प्रक्रिया जारी है।' स्वास्थ मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस जवाब से संतुष्ट न होकर विपक्ष ने सदन से वॉक आउट कर दिया।
कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने साल 2016 से 24 तक प्रसव के दौरान महिलाओं और नवजात शिशुओं की मौत का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि, सरकार जानकारी छिपा रही है।
इसके जवाब में स्वास्थ मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा - कैग रिपोर्ट पर अमल करने के लिए सरकार लगातार प्रायसरत है। 5 महीने में सभी पद भरे जाएंगे। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।