शहडोल में सरसी आईलैण्ड का लोकार्पण: गोवा-अंडमान की अनुभूति कराएगा मध्यप्रदेश का नया पर्यटन स्थल…

गोवा-अंडमान की अनुभूति कराएगा मध्यप्रदेश का नया पर्यटन स्थल…
X

शहडोल,(नव स्वदेश)। 'अजब-गजब है हमारा मध्यप्रदेश, पर्यटन की विविधताओं से भरा हुआ है हमारा प्रदेश। रेवांचल में स्थित सरसी आइलैंड को देखकर गोवा और अंडमान-निकोबार की अनुभूति होती है। मध्यप्रदेश की विविधताएँ और विशिष्टताएँ इसे एक अनोखा पर्यटन स्थल बनाती हैं, जो दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार विकास के मार्ग पर अग्रसर है'। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को शहडोल जिले में बाणसागर डेम स्थित सरसी आइलैंड के लोकार्पण के दौरान उपरोक्त विचार व्यक्त किए।

प्रतिदिन प्रदेश विकास के नये आयामों की ओर अग्रसर


इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में जन कल्याण पर्व पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन प्रदेश के विकास को नए आयाम मिल रहे हैं। जन कल्याण पखवाड़े के तहत हर दिन नई शुरुआत की जा रही है।

प्रदेश के पर्यटन विकास निगम द्वारा 29 करोड़ रुपये की लागत से बाणसागर डेम के टापू पर पांच हेक्टेयर में सरसी आइलैंड को खूबसूरती से विकसित किया गया है।

सरसी को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय नेशनल पार्क से जोड़ेंगे

सरसी आईलैण्ड के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरसी आईलैण्ड के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय नेशनल पार्क से जोड़ा जाएगा। बाणसागर डेम में जल पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला, पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री धर्मेंंद्र भाव सिंह लोधी, ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक शरद कोल, शहडोल जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने अतिथियों का स्वागत किया।

बाल कलाकार से की भेंट, दिए पुरुस्कार

शहडोल प्रवास के दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विंध्यप्रदेश की बाल कलाकार से मुलाकात की, जिन्होंने मात्र 14 वर्ष की उम्र में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने बाल कलाकार से कुशलक्षेम पूछी, गीत सुना और 51 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सरसी आईलैण्ड में आए लोक कलाकारों और संगीत मंडलियों के प्रत्येक सदस्य को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की भी घोषणा की। बिरहुलिया से आए लोक कलाकार दल ने परंपरागत जनजातीय नृत्य कर्मा एवं शैला के माध्यम से मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।

Tags

Next Story