रंगपंचमी पर मोहन सरकार लेगी लोन: MP के कर्जे पर जीतू पटवारी बोले - मुख्यमंत्री जी...थोड़ी तो शर्म करो

MP के कर्जे पर जीतू पटवारी बोले - मुख्यमंत्री जी...थोड़ी तो शर्म करो
X

MP Government Loan : मध्य प्रदेश। रंगपंचमी पर मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार 6 हजार करोड़ रुपए का लोन लेने जा रही है। इस तरह इस वित्तीय वर्ष में सरकार पर कुल कर्ज 57 हजार करोड़ रुपए हो जाएगा। इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर हमला बोला है।

जीतू पटवारी ने कहा - "रंगपंचमी यानी 19 मार्च को भाजपा सरकार 2,000-2,000 करोड़ की 3 किश्तों में कुल 6,000 करोड़ रुपए का लोन लेगी। 15 दिन में तीसरी बार और एक महीने में लिए कुल 16,000 करोड़ रुपए के कर्ज के साथ, यह अब तक का सबसे बड़ा लोन होगा। इस नए कर्ज को जोड़कर 2025 में अब तक भाजपा सरकार 27,000 करोड़ रुपए का कर्ज ले लेगी।"

"चौंकाने वाली चिंता यह है वित्तीय वर्ष 2024 25 में मप्र सरकार का कुल कर्ज 57,000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। MSP नहीं मिल रही, लाड़ली बहनों को अभी भी 3000 रुपए नहीं दे पा रहे, संकल्प-पत्र के कई "झूठ" अभी भी झूठ ही हैं। बावजूद इसके, मुख्यमंत्री की महंगी हवाई यात्रा, मंत्रियों के बंगले, लग्ज़री गाड़ियों के साथ कर्ज, करप्शन और कमीशन का खेल जारी है। मुख्यमंत्री जी, थोड़ी तो शर्म करो, कर्ज के कर्म कम करो।"

बता दें कि, बीते दिनों मध्य प्रदेश सरकार ने बजट पेश किया था। 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपये का कुल बजट प्रदेश पर चढ़े 4 लाख 62 हजार 217 करोड़ रुपये के कर्ज की छाया में तैयार हुआ था। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बताया था कि, पिछले बजट की तुलना में इस बार बजट में 15 प्रतिशत अधिक राशि का प्रावधान किया गया है। जगदीश देवड़ा ने मध्य प्रदेश सरकार पर चढ़े कर्ज को निवेश भी बताया था।

Tags

Next Story