MP Budget for Women: महिलाओं के लिए बजट में क्या है खास, लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं बढ़ी लेकिन मिलेगा यह फायदा

महिलाओं के लिए बजट में क्या है खास, लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं बढ़ी लेकिन मिलेगा यह फायदा
MP Budget for Women : मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने 12 मार्च को मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। इस बजट का मुख्य फोकस महिला, गरीब, युवा और किसान था। बजट में लाड़ली बहना योजना के तहत दी जाने वाली राशि को बढ़ाए जाने को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई लेकिन सरकार ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए हैं। पॉइंट्स में समझिए महिला वर्ग को इस बजट से क्या - क्या मिला।
महिला वर्ग पर बात करते हुए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा -
''यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता'' के सूत्र वाक्या को हमारी सरकार ने प्रेरणा के रूप में लिया है। हमारी सरकार द्वारा नारी कल्याण से संबंधित प्रमुख योजनाएं, जैसे गर्भधारण पर देखभाल, प्रसव पर आर्थिक सहायता, लाड़ली लक्ष्मी, शैशवकाल के लिए आंगनबाड़ियां, नि:शुल्क शिक्षा व अन्य शैक्षणिक सुविधाएं, उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन, जीविका उपार्जन एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए स्व-रोजगार व शासकीय सेवाओं में आरक्षण, विवाह तथा निकाह योजना, आवास योजनाओं का लाभ, स्थायी संपत्तियों के क्रय पर पंजीकरण शुल्क में विशेष छूट, लाड़ली बहना योजना व विभिन्न पेंशन योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है।"
स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी सेवाओं हेतु एकीकृत अधोसंरचना :
"स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की ग्राम स्तरीय सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और हितग्राहियों को एक ही स्थान से सेवाओं का लाभ देने के लिए "स्वास्थ्य एवं आंगनवाड़ी सेवाओं हेतु एकीकृत अधोसंरचना" योजना प्रारम्भ की जा रही है। योजना के तहत यथासंभव उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केन्द्रों का संयुक्त भवन तैयार किया जाएगा।"
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण हेतु राशि 350 करोड़ रुपए :
"प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान के तहत प्रदेश के 20 जिलों में 217 आँगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। वर्ष 2025- 26 में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण हेतु राशि 350 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान प्रस्तावित है।"
'प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना'' के अंतर्गत अब तक लगभग 52 लाख से अधिक माताएं पंजीकृत की गई हैं। वर्ष 2024-25 में अब तक लगभग 5 लाख 75 हजार हितग्राहियों को 264 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
बजट में महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा :
- लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 12 हजार 32 करोड़ का निवेश किया गया है। इसके लिए इस बार 18 हजार 669 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
- लाड़ली बहना योजना के लाभार्थियों को पीएम अटल पेंशन योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना से जोड़ा जाएगा।
-आंगनबाड़ी सेवाओं के लिए 3 हजार 729 करोड़ का प्रावधान।
- श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता, छात्राओं को साइकिल, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के लिए 26 हजार 797 करोड़ का प्रावधान।
- बता दें कि, 6 वर्षों में जेण्डर बजट का आकार दोगुना हुआ है। जेण्डर बजट में 31 विभागों को ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम सम्मिलित है, जिसमें बजट प्रावधान का शत प्रतिशत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए है।
- मोहन यादव सरकार ने 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ का बजट पेश किया है। इनमें से महिला बाल विकास विभाग को 44,826 करोड़ मिले हैं।