BREAKING: सैफ अली खान पर हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने मध्यप्रदेश से संदिग्ध को पकड़ा

Saif Ali Khan Attacked
मध्यप्रदेश। सैफ अली खान पर हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने मध्यप्रदेश से एक संदिग्ध को पकड़ा है। बताया जा रहा है कि, एक संदिग्ध व्यक्ति लोकल ट्रेन में सफर कर रहा था। मध्यप्रदेश पुलिस की मदद से इस व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। यह व्यक्ति कौन हैं और इसके खिलाफ क्या सबूत मिले हैं इस बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सैफ अली खान केस में इसके पहले भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। जानकारी के अनुसार, मुंबई पुलिस ने जिस व्यक्ति को हमलावर समझकर गिरफ्तार किया था, वह कोई और ही है। उसका सैफ अली खान पर हुए हमले सके कोई लेना देना नहीं है। मुंबई पुलिस ने ये जानकारी दी थी।
पुलिस ने कहा है कि पूछताछ के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन लाए गए व्यक्ति का सैफ अली खान हमला मामले से कोई संबंध नहीं है। सैफ अली खान हमला मामले में अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
16 जनवरी को किया था हमला
गौरतलब है कि, मुंबई के बांद्रा स्थित सैफ अली खान पर 16 जनवरी की रात को अटैक किया गया था। एक अज्ञात शख्स चोरी करने के मकसद से सैफ-करीना के घर में दाखिल हुआ था।
सैफ से हुई हाथापाई के दौरान हमलावर ने सैफ अली खान पर कई वार किए थे, जिसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सैफ अली खान बिल्डिंग के 12वें फ्लोर पर रहते हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी थी।