Mauganj ASI Murder: एएसआई रामचरण गौतम को पुलिस कर्मियों ने की श्रद्धांजलि अर्पित, रीवा DIG बोले - हमें उन पर गर्व है...

Mauganj
X

Mauganj

Mauganj ASI Murder : मध्य प्रदेश। पुलिस टीम पर हमले में शहीद हुए एएसआई रामचरण गौतम के पार्थिव शरीर पर पुलिस कर्मी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। मऊगंज में दो गुटों में विवाद की सूचना पर तहसीलदार, एसएचओ समेत टीम पहुंची थी। इसी दौरान हुए हमले में एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई थी। डीआईजी रीवा साकेत प्रकाश पांडे ने कहा, "एएसआई रामचरण गौतम ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। हम उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं...मध्य प्रदेश पुलिस को उनके जैसे पुलिस अधिकारियों पर गर्व है।"

क्या हुआ है मऊगंज में :

मऊगंज में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। यहां अशोक कोल नाम के व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हुई थी। इसके बाद से आदिवासी समाज, रज्जन दुबे नाम के व्यक्ति के परिजनों से खासा नाराज थे। लोगों का आरोप है कि, पुलिस द्वारा आरोपी को बचाने के लिए इसे हादसा बताया जा रहा है जबकि अशोक की हत्या की गई है।

आरोपियों ने सनी दुबे नाम के एक व्यक्ति को बंधक बनाया था। सनी के साथ मारपीट की गई थी। जब पुलिस सनी को छुड़ाने पहुंची तो आदिवासियों ने पुलिस के साथ जमकर मारपीट की। आदिवासियों द्वारा किए गए हमले में सनी दुबे और ASI की मौत हो गई। अब इस मामले में पुलिस क्या एक्शन लेगी यह देखना होगा।

सनी दुबे नाम का यह व्यक्ति अशोक कोल के परिजनों की दुकान में सामान लेने गया था। यहां उसे बंधक बनाया गया। बेरहमी से उसे तब तक पीटा गया जब तक उसकी जान नहीं चली गई। इसके बाद जब पुलिस पहुंची तो कुछ पुलिस वालों को भी बंधक बनाकर पीटा गया। तहसीलदार के जहां हाथ पैर टूटे वहीं कई पुलिस वाले पत्थरबाजी में घायल हुए। इस मामले में पुलिस ने देर रात कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।

सीएम यादव ने इस घटना पर कहा - "मऊगंज में घटित घटना अत्यंत दुखद है। मध्यप्रदेश सरकार संवेदनशील सरकार है। मैंने प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं, अब स्थिति नियंत्रण में है। इस घटना के किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।"

Tags

Next Story