बकतरागांव में बवाल: बुधनी में युवक की हत्या, गुस्साई भीड़ ने किया विरोध, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बुधनी में युवक की हत्या, गुस्साई भीड़ ने किया विरोध, पुलिस ने संभाला मोर्चा
X

मध्य प्रदेश। बुधनी में एक युवक की हत्या से गुस्साई भीड़ ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि, अज्ञात लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी जिसके बाद लोगों ने विरोध किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि, बाजार बंद करने पड़े और पुलिस द्वारा शांति बनाए रखने की अपील भी की गई। पुलिस ने क्षेत्र में मार्च भी किया। यह घटना बुधनी के बकतरागांव की है।

बुधनी विधानसभा के बकतरागांव में एक युवक की हत्या के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने गांव में होशंगाबाद और सीहोर जिले के कई थानों का पुलिस बल तैनात किया है। मृतक युवक के समर्थकों ने हत्या की घटना के विरोध में चक्का जाम और तोड़फोड़ करके बाजार बंद कराया है। यह जानकारी भी सामने आ रही है कि, जो लोग अपने मोबाइलों से वीडियो बना रहे थे, उनके मोबाइल छीन कर जलाएं गए हैं। इसके बाद तनाव और बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार बबलेश नाम के युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। विवाद शराब के चलते हुआ था। शुक्रवार को 100 से 200 लोगों ने मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों में मृतक के परिजन भी शामिल थे। ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया था।

मौके पर मौजूद पुलिस के साथ हाथापाई के साथ - साथ कुछ दुकानों में आग भी लगा दी गई। भीड़ को खदेड़कर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सूत्रों के अनुसार बबलेश का संजय अहिरवार नाम के व्यक्ति से विवाद हुआ था। संजय अहिरवार ने बबलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और उसके बाद अस्पताल में भर्ती हो गया। अगली सुबह बबलेश मृत पाया गया। चाकू से गोदकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Tags

Next Story