Saurabh Sharma case: मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत, उमंग सिंघार बोले यह हजारों करोड़ रुपए का घोटाला

मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने लोकायुक्त दफ्तर पहुंचकर शिकायत की
Saurabh Sharma case Complaint of Minister Govind Rajput in Lokayukta : मध्य प्रदेश। मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने लोकायुक्त दफ्तर पहुंचकर शिकायत की। उमंग सिंघार ने कांग्रेस विधायकों के साथ पहुंचकर मंत्री गोविंद राजपूत के खिलाफ सबूत लोकायुक्त को दिए और कहा कि, यह हजारों करोड़ रुपए का घोटाला है।
परिवहन घोटाले में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की खबरें सामने आयी हैं। यह एक गंभीर मुद्दा है जो प्रदेश की जनता की कमाई का दुरुपयोग और प्रशासनिक पारदर्शिता की कमी को दर्शाता है। तीन महीने हो चुके हैं मगर अब भी जांच ऐजेंसियों के हाथ खाली हैं। आखिर जांच एंजेंसियां कब करेगी सख्त कार्रवाई। सरकार इसपर लीपापोती कर रही है। यह प्रदेश की जनता का पैसा है। अब तक यही पता नहीं चला है कि, आखिर ईंट है किसकी। जनता जानना चाहती है कि, हजारों करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी और सोने की ईंट आखिर किसकी है। सभी प्रमाण और रजिस्ट्री, बेनामी संपत्ति के दस्तावेज लोकायुक्त को सौंप दिए गए हैं। मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत उनकी पत्नी, बच्चों और संजय श्रीवास्तव, संजय डांगर के खिलाफ शिकायत की गई है।
"परिवहन घोटाले में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है मगर जांच के नाम पर सिर्फ लापरवाही हो रही है। भाजपा के बड़े नेताओं ने कई बड़े पदों पर रहते हुए भ्रष्टाचार कर अपने स्वयं एवं पत्नि तथा पुत्रों, रिश्तेदारो एवं अन्य लोगों के नाम से सैकडों एकड़ जमीनों की अवैध लेनदेन कर खरीदी की है।"
"इस बेनामी अवैध संव्यवहार की जाँच किये जाने एवं सम्पत्ति अटैच करने की मांग को लेकर लोकायुक्त से मुलाकात कर उनसे जांच की मांग की ताकि प्रदेश की आम जनता की मेहनत की कमाई के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके।"
बता दें कि, लोकायुक्त द्वारा कुछ समय पहले आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के आवास पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान सौरभ शर्मा के पास करोड़ों रुपए की संपत्ति बरामद हुई थी। भोपाल के मेंडोरी जंगल में एक गाड़ी में 52 किलो सोना और करोड़ों रुपए कैश मिला था। इस मामले में लोकायुक्त, ईडी, आईटी और डीआरआई जांच कर रही है। बहरहाल अब तक यही पता नहीं चला है कि, 52 किलो सोना आखिर है किसका? ऐसे में विपक्ष द्वारा इस मसले पर सरकार के मंत्रियों पर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इसी के चलते कांग्रेस ने सोमवार को मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के खिलाफ शिकायत की थी।