गुंडाराज: MP का BJP विधायक जाएगा गुंडों की शरण में, पुलिस को दिया समय, हैरान कर देगी वजह

भाजपा विधायक संदीप जायसवाल
मध्य प्रदेश। कटनी से भाजपा विधायक संदीप जायसवाल के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में तहलका सा मचा दिया है। विधायक ने गुंडों की शरण में जाने की घोषणा कर दी है। यह उस समय हो रहा है जब मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है। इसके पहले भी कई भाजपा विधायकों की नाराजगी की खबरें सुर्खियां बनी हैं लेकिन गुंडों की शरण में जाने की बात ने सभी का ध्यान इस भाजपा विधायक की ओर खींच लिया है।
दरअसल, बीते शुक्रवार को कटनी में गुंडों के आतंक से परेशान माधवनगर क्षेत्र के व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया था। विधायक जी इन्हीं व्यापारियों के बीच पहुंचे थे। मंच व माईक से विधायक ने स्वीकार किया कि - पूरे कटनी में गुंडों का आतंक हैं। पुलिस इनसे डरती है। सभी अवैध व्यापार गुंडों के संरक्षण में हो रहा है।
विधायक संदीप जायसवाल ने कटनी पुलिस को 5 फरवरी तक गुंडों पर अंकुश लगाने का समय दिया है। ऐसा न होने पर विधायक संदीप जायसवाल ने घोषणा की है कि, 6 फरवरी के बाद वे सभी व्यापारियों को साथ लेकर इन गुंडों की शरण में जाएंगे। उनसे कहेंगे कि जो वसूली करना है वह हमसे कर लो, कटनी की आम जनता को परेशान मत करो।
विधायक संदीप जायसवाल ने यह भी कहा कि, 'जब शासन प्रशासन फेल हो जाए, जंगलराज आ जाए तो मजबूरी में हम गुंडों से ही संरक्षण मांगेंगे और जैसे सरकार को टैक्स देते हैं, वैसे गुंडों को हफ्ता देंगे।'
विधायक की इस बात की चर्चा सभी जगह है। मामला युवा व्यापारी राकेश मोटवानी के अपहरण और मारपीट से शुरू हुआ था। इस अपहरण से नाराज व्यापारियों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया था। व्यापारियों ने राहुल, कारण और विनय नाम के लोगों पर आतंक फैलाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि, पुलिस इनके खिलाफ कोई एक्शन ही नहीं ले रही है।
व्यापारियों को समर्थन देने पहुंचे भाजपा विधायक ने भी गुंडाराज के खिलाफ नाराजगी जताई और पुलिस को कार्रवाई के लिए अल्टीमेटम दे दिया।