MP News: शाजापुर में महिला ने की पुलिसकर्मी से मारपीट, अतिक्रमण हटाने आई टीम का लोगों ने किया विरोध, सड़क पर जाम

शाजापुर में महिला ने की पुलिसकर्मी से मारपीट
मध्यप्रदेश। शाजापुर में एक महिला ने महिला पुलिसकर्मी से मारपीट कर दी। पुलिस प्रशासन की टीम मां राजराजेश्वरी मंदिर के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान लोगों ने पुलिस - प्रशासन की टीम का विरोध किया। विरोध के चलते सड़क पर जाम भी लग गया। अतिक्रमण हटाए जाने के विरोध के चलते महिला ने पुलिस से बहस की। इसके बाद एक महिला पुलिस कर्मी को चाटे मारे। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन की करवाई का लोगों ने विरोध किया। इसके बाद काफी देर तक सड़क पर बवाल हुआ। पुलिस कर्मियों द्वारा प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिया गया। उस महिला को भी हिरासत में लिया गया है जिसने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की।
मंदिर के सामने फूलों की दुकान लगी थी। नगर पालिका अमला इन दुकानों को हटाने पहुंची थी। नगर पालिका का कहना था कि, इन दुकानदारों के लिए दुकान बनाई गई है इन्हें वहीं दुकान लगानी चाहिए। इस मामले को लेकर दुकानदारों का कहना है कि, वो दुकान जो नगर पालिका द्वारा बनाकर दी गई है वहां तक ग्राहक नहीं पहुंच पाते। इसी के चलते वे दोबारा पुराने स्थान पर दुकान लगा रहे हैं।
सड़क किनारे दुकान लगाए जाने से यातायात प्रभावित होता था। इसी के बाद नगर निगम का अमला शुक्रवार को कार्रवाई करने पहुंचा। कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। इसी दौरान एक महिला ने महिला पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया। हंगामे के बाद तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे जिसके बाद मामला शांत हुआ।
