राजस्थान भी आज मनायेगा 'बड़ी दीवाली', मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान आरंभ

जयपुर। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण की पूर्व संध्या पर दीपदान समेत अन्य कार्यक्रमों से 'छोटी दीपावली' का अहसास करवा चुका राजस्थान बुधवार को भूमिपूजन के मौके पर 'बड़ी दीवाली' मनाएगा। अयोध्या में रामलला के विराजमान होने की खुशी में राजस्थान के विभिन्न शहरों में उत्साह का माहौल है। प्रदेश के शहरों में कई छोटे-बड़े मंदिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया हैं, बल्कि हिन्दू संगठनों के साथ आमजन में मंदिर निर्माण को लेकर खुशी का माहौल है।
उत्साह का आलम यह है कि लोगों ने घरों के बाहर न सिर्फ रंगोलियां सजाई हैं, बल्कि घरों की छतों पर केसरिया पताकाएं लहरा रही है। कुछ लोग केसरिया पाना गले में पहनकर घूम रहे हैं। कुछ स्थानों पर दीवारें सुंदर कलाकृतियों और पेन्टिंग्स से अटी है। कई मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ के आयोजन किए गए हैं तो कई जगह रामायण पाठ, सुंदरकांड और रामायण का वाचन शुरू हो चुका है।
श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में भूमि पूजन करेंगे। इसी दिन प्रदेश में घरों से लेकर मंदिरों तक इतने दीपक जलाएं जाएंगे कि नजारा दीपावली सा नजर आएगा। इसके लिए विश्व हिन्दू परिषद व बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने पांच अगस्त को दीपक जलाने की अपील की है। सभी रामभक्तों से 5 अगस्त को सुबह भजन कीर्तन करने व दोपहर साढ़े 12 बजे से दूरदर्शन पर लाइव भूमि पूजन देखने तथा सायंकाल 7 बजे घरों पर दीपक प्रज्ज्वलन करने का आह्वान किया गया है।
प्रदेश में उत्साह का आलम यह है कि शिलान्यास की तैयारी में जुटे लोगों ने अपने घरों के बाहर रामदरबार के चित्र बनाए हैं। मिट्टी के दीयों को बनाने से लेकर उन्हें प्रज्जवलित करने की जिम्मेदारियां भी कई संगठनों ने अपने हाथ में ली है। शहरों को राममय बनाने के लिए लोगों ने भगवान राम के चित्र वाली टी-शर्ट तथा मास्क भी छपवाए हैं। किसी ने मंदिर में सुंदरकांड का पाठ शुरू कर दिया तो कोई मंदिर निर्माण के लिए सहायता राशि भेज रहा है।
राजधानी जयपुर में अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के नींव पूजन की पूर्व संध्या पर मंगलवार को मां जमवाय सेवा समिति की ओर से वैशाली नगर के गांधी पथ स्थित रघुनाथ मंदिर में 501 दीपों से महाआरती हुई। समिति उपाध्यक्ष दिलीप सिंह शेखावत ने बताया कि पहले हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके बाद दीपों से महाआरती की गई। भाजपा सांगानेर विधानसभा की ओर से रजत पथ चौराहा मानसरोवर पर विधायक डॉ. अशोक लाहोटी के नेतृत्व में लोगों ने भगवान श्री रामचंद्रजी की 501 दीपों से आरती की। इसके बाद रजत पथ चौराहे पर आतिशबाजी की गई।