मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया मंत्रिमंडल विस्तार, 11 मंत्रियों ने ली शपथ

देहरादन। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने आज शाम तीरथ सिंह रावत सरकार के कुल 11 मंत्रियों को पद और गोपीयता की शपथ दिलाई। इनमें आठ कैबिनेट और तीन को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। मंत्रिमंडल में मदन कौशिक काे छोड़कर सभी पुराने चेहरों को शामिल किया गया है। इनके अलावा चार नए चेहरों को भी मंत्री बनाया गया। कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डे ने संस्कृत में शपथ ली।
राजभवन में तय कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद राज्यपाल मौर्य ने 11 मंत्रियों को पद और गोपीयता की क्रमवार शपथ दिलाई। इस दौरान मसूरी विधायक गणेश जोशी ने आर्मी सैलूट किया। गणेश जोशी सेना से सेवानिवृत्त हैं। मसूरी विधायक और रेखा आर्य ने पारंपरिक ड्रेस पहनकर शपथ ली। मंत्री रेखा आर्य ने कुमाऊंनी आभूषण और परिधान धारण किया हुआ था। उनका पहनावा शपथ स्थल पर देखते ही बन रहा था।
मुख्य सचिव ने शपथ के लिए बारी-बारी से विधायकों के नाम बुलाये। सबसे पहले कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शपथ ली। इसके बाद बंशीधर भगत, डॉ. हरक सिंह रावत, विशन सिंह चुफाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल और गणेश जोशी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। इनके अलावा धन सिंह रावत, रेखा आर्य और स्वामी यतीश्वरानंद ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि विधायक गणेश जोशी, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल, यतीश्वरानंद ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है। पुराने चेहरों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, धनसिंह रावत, रेखा आर्य ने मंत्री पद की शपथ ली।इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, सांसद अजय भट्ट, नरेश बंशल,पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्य प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कुलदीप कुमार और मुख्य सचिव ओमप्रकाश सहित अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।