बहराइच: दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान बवाल, युवक को गोली लगी, अस्पताल में मौत

दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के दौरान बवाल, युवक को गोली लगी, अस्पताल में मौत
दूसरे समुदाय के लोगों ने डीजे बंद करने को कहा, विवाद में आगे बढ़ गई बात, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात…

बहराइच। हरदी के महसी में रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो समुदायों में विवाद हो गया। डीजे को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा कि पथराव और फिर फायरिंग होने लगी। इसमें मूर्ति विसर्जन में शामिल रेहुवा निवासी एक युवक को गोली लग गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। बवाल बढ़ते देख कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी भी मौके पर भेजी गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया।

विवाद दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान हुआ। बताते हैं कि इस दौरान एक युवक राम गोपाल मिश्रा (22) को गोली मार दी गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इस विवाद के बाद शहर के घंटाघर पर भी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा को रोक दी गई। जानकारी के मुताबिक, दूसरे समुदाय के लोगों ने डीजे बंद करने को कहा था, जिसके बाद विवाद हुआ। मौके पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात है। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अफसर भी पहुंचे।

बहराइच में फायरिंग के बाद बवाल : इधर, युवक की हत्या के विरोध में बहराइच-सीतापुर हाईवे पर लोगों ने जाम लगा दिया। हिंसक झड़प में रेहुआ मंसूर निवासी 30 वर्षीय राजन को भी गोली लगी है। जबकि तिवारी पुरवा निवासी 22 वर्षीय सुधाकर तिवारी, सिपहिया प्यूली निवासी दिव्यांग 42 वर्षीय सत्यवान, 52 वर्षीय अखिलेश बाजपेई आदि घायल हो गए हैं। प्रशासन ने विसर्जन के लिए जा रही सभी प्रतिमाएं रोक दी हैं। दूसरी ओर मेडिकल कॉलेज में घायल युवक की मौत के बाद तनाव फैल गया। मेडिकल कॉलेज में पुलिस के खिलाफ नारे लगने लगे। फिलहाल पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।

Tags

Next Story