हरदोई: सदर सांसद ने नाम लिए बिना साधा नरेश अग्रवाल पर निशाना

सदर सांसद ने नाम लिए बिना साधा नरेश अग्रवाल पर निशाना
बोले जय प्रकाश, तुम हमारा 20 हजार वोट का नुकसान करोगे, हम 60 हजार का करेंगे। अहिरोरी ब्लॉक प्रमुख पर जड़ी 'भीतरघात' की तोहमत, बताया 'कूपमंडूक'।

हरदोई। सदर सांसद जयप्रकाश ने अहिरोरी में पार्टी मीटिंग में जबर तेवर दिखाए। कहा, हरदोई में 30 बरस के सार्वजनिक जीवन में कभी विश्वासघात और भीतरघात की राजनीति नहीं की। लेकिन, लोकसभा चुनाव में उनके साथ घात किया गया। ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह पन्ने का नाम लिए बिना कहा, वोट के ठेकेदारों ने तो सोचा होगा, थोड़ी और ’मेहनत’ कर लेते तो जयप्रकाश रावत हार जाते। पर पब्लिक के रुख से षड्यंत्र विफल हो गया।

मीटिंग को पूर्व जिलाध्यक्ष रामकिशोर गुप्ता गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण शास्त्री, धर्मराज सिंह बकसखेड़ा ने भी संबोधित किया। संचालन निर्भय सिंह ने किया। बम्हनाखेड़ा मण्डल अध्यक्ष अर्जुन सिंह चंदेल ने उपस्थित लोगों को मिस्ड कॉल से भाजपा की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर डीसीडीएफ़ के पूर्व अध्यक्ष रीतेश गुप्ता, संग्राम सिंह डही, धीरू सिंह डही, ओमप्रकाश तिवारी, संतोष शुक्ला, शिव शंकर शुक्ला लल्ले बाबा, अमित मिश्रा कुइयां, अभिषेक पाण्डेय हूंसेपुर, जिला पंचायत सदस्य कल्लू कश्यप, प्रधान सुरेश चंद्र वर्मा, संजय वर्मा, प्रधान आशीष सिंह, सुबोध सिंह हुंसियापुर, प्रधान मालती देवी, राज कपूर, राजकुमार वर्मा, प्रधान पप्पू सिंह धूरा, प्रधान रामभजन, प्रधान पप्पू सिंह गड़ेउरा, प्रधान छोटी बिटिया सहित 56 प्रधान और 72 बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।


सांसद निर्वाचित होने के बाद जयप्रकाश भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य संतोष सिंह द्वारा आहूत अभिनंदन समारोह और पार्टी सदस्यता कार्यशाला में मुख्य अतिथि बतौर पहुंचे थे। शांत और नरम रुख वाला माने जाने वाले जय प्रकाश ने एक बार फिर तेवर दिखाए और पार्टी के वरिष्ठ नेता पर तंज किए। कहा, कहते हैं हम भी पासी होते तो सात बार के सांसद होते। सवाल किया, कितने पासी नेता सात बार सांसद हुए।

हमारे पिता बाबू जगन्नाथ प्रसाद लखनऊ से सांसद रहे। लखीमपुर खीरी से कई बार सांसद रहे, वह भी जनरल सीट पर। हमारी पत्नी ज्योति उन्नाव जिला परिषद की दो मर्तबा अध्यक्ष रहीं, जनरल सीट पर। हमारे परिवार ने सदा शुचिता की राजनीति की। लेकिन, कुछ कूपमंडूक होते हैं, जिन्हें केवल एक कुएं में गतिविधि करनी होती है। सांसद बोले, क्रिया की प्रतिक्रिया होती ही है। हमारा 20 हजार का नुकसान किया है, हम 60 हजार का करेंगे, ये क्षमता है हम में। दो साल बाद चुनाव का मैदान होगा, हम तो पांच साल के लिए चुन लिए गए हैं, कुछ बिगाड़ नहीं सकते। लेकिन, हम बहुत कुछ कर सकते हैं।

सांसद ने कहा, आज की मीटिंग देख कर आंख कान खुल गए होंगे सबके। हमारी गलती रही जो वोटों के ठेकेदार के निकट गए। लेकिन, अब इसकी पुनरावृत्ति नहीं होगी। पब्लिक और उनके बीच अब सीधे संवाद और काम होगा। मुख्यमंत्री जी ने सड़क परिवहन का सदस्य बनाया है। प्रयास रहेगा क्षेत्र के लिए ज्यादा से ज्यादा सड़कें लाएं। जय प्रकाश ने बढ़िया मीटिंग कराने के लिए संतोष सिंह, पूर्व प्रधान निर्भय सिंह बरखेरवा, पूर्व प्रधान पप्पू सिंह समरेहटा की तारीफ की। कहा, अहिरोरी के पूर्व प्रधान शिवनाथ सिंह राजनीतिक गुरू सरीखे थे। हर चुनाव में अहिरोरी में शुरुआत उनके दरवाजे से होती थी। अब से पुराने लोगों की ही संगत रहेगी, शिकायत का कोई मौका नहीं देंगे। अगर कोई गलती हो जाए तो सीधे आकर कहिएगा। कहा, अहिरोरी का उनकी दृष्टि में विशेष सम्मान है और अब कार्य व्यवहार में दिखेगा भी।

Tags

Next Story