रक्षाबंधन भारतीय सभ्यता का उच्च मानबिंदु...हरदोई RSS रक्षाबंधन उत्सव में बोले संयोजक नरेंद्र सिंह

रक्षाबंधन भारतीय सभ्यता का उच्च मानबिंदु...हरदोई RSS रक्षाबंधन उत्सव में बोले संयोजक नरेंद्र सिंह

हरदोई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरदोई नगर के तत्वावधान में शनिवार को संजय गांधी मार्ग स्थित वैभव लॉन में रक्षाबंधन उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग खिलाड़ी एवं रेफरी पूनम तिवारी ने की। उन्होंने कहा, रक्षाबंधन हमारी सभ्यता का परिचायक है, जो बिना भेदभाव सभी को एक सूत्र में बांध कर रखता है। उन्होंने महिलाओं की उन्नति और सुरक्षा पर बल देते हुए युवाओं का आवाहन किया, राष्ट्र रक्षा के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में भी जुटें।

रक्षाबंधन उत्सव कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संयोजक (सामाजिक समरसता) नरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारा समाज राज सत्ता आधारित नहीं, बल्कि संस्कार और संस्कृति आधारित है, इसलिए जो इस राष्ट्र पर आक्रमण के लिए आये वो यहाँ की संस्कृति में समाहित हो गए। हमारी संस्कृति की अविरल धारा ने हमारे राष्ट्र को एक बनाए रखा है। जो पर्व मनाये जाते हैं, उनके पीछे का मूल तत्व है संस्कार।

उन्‍होंने कहा रक्षाबंधन ऐसे ही भारतीय सांस्कृतिक मूल्य पर आधारित पर्व है, जो न सिर्फ भाई बहन की रक्षा करे, अपने बंधुओं, कुटुंब, पर्यावरण और राष्ट्र की रक्षा करने को प्रेरित करता है। आदर्श नागरिक की जो अवधारणा है, वही संघ के स्वयंसेवक की भी है। संघ शारीरिक, बौद्धिक और नैतिक रूप से सशक्त व्यक्तित्व का निर्माण करता है, जो समाज के संगठन, जागरण और आवश्यक परिवर्तन का कार्य करता है।

मुख्य वक्ता ने कहा, 2025 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष हो रहे हैं। इस अवसर पर पंच संकल्प लेने चाहिए। ये पंच संकल्प हैं, सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण रक्षा, नागरिक कर्तव्य और स्व की संकल्पना। इन पंच संकल्पों से ही भारत विश्व का आर्थिक, राजनैतिक और आध्यात्मिक नेतृत्व करेगा।

Tags

Next Story