लखीमपुर: भाजपा विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारने वाले वकील का करणी सेना ने किया सम्मान…

भाजपा विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारने वाले वकील का करणी सेना ने किया सम्मान…
लगाए नारे- 'देखो देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया', अवधेश सिंह के सम्मान पर विधायक गुट में बढ़ी नाराजगी। लखीमपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह ने ठोकी है सहकारी बैंक के चुनाव में दावेदारी।

लखीमपुर। बीते 9 अक्टूबर को अर्बन कोऑपरेटिव बैंक चुनाव के लिए पर्चे भरने के दौरान भाजपा विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारने वाले अधिवक्ता एवं लखीमपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह को करणी सेना ने सम्मानित किया है। करणी सेना ने दशहरे पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम रखा था। शहर के चंदेल पैलेस में हुए कार्यक्रम में अवधेश सिंह के मंच पर पहुंचते ही नारे लगे- 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया, शेर आया।' इस वीडियो के वायरल होने के बाद से माहौल और गरमा गया है।

बता दें कि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक चुनाव के लिए पर्चे भरने के दौरान भाजपा विधायक योगेश वर्मा को निर्वतमान अध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति एवं लखीमपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह ने पीट दिया। इसके बाद हंगामा हो गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो गया। इसमें दिखता है कि विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ लगने के बाद दोनों गुटों के बीच पुलिस ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान दूसरे गुट से कुछ लोगों ने विधायक को फिर से पीट दिया।

विधायक को पुलिस किसी तरह उनसे बचाकर अलग ले गई। विधायक योगेश वर्मा का आरोप था पुष्पा सिंह के पति अवधेश सिंह आदि ने मिलकर चुनाव की लिस्ट ही फड़वा दी। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग उठाई। उधर, अवधेश सिंह और पुष्पा सिंह का कहना था कि विधायक दबंगई दिखा रहे हैं। कहा कि अगर चुनाव में कोई गड़बड़ी हो रही तो आरओ से शिकायत करें। विधायक न तो मेम्बर हैं न डेलीगेट। फिर किस हैसियत से आए। आरोप गलत है। विधायक खुद अराजकतत्वों को लेकर चुनाव में बवाल कराने डेढ़ दो सौ समर्थकों संग आए थे। उन्होंने विधायक पर शराब पीने का भी आरोप लगाया।

वहीं, अब इस प्रकरण ने फिर से तूल पकड़ लिया। करणी सेना ने वकील अवधेश सिंह का सम्मान कर दिया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर इस वीडियो के आने के बाद विधायक योगेश वर्मा खेमे में नाराजगी बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर योगेश वर्मा के समर्थक सवाल उठा रहे हैं। कह रहे हैं विधायक को पीटने वाले को पुलिस ढूंढ नहीं पा रही है। न कोई मुकदमा लिखा गया, न ही कोई कार्रवाई। इधर, व्यापार मंडल ने सोमवार को बंदी का ऐलान कर दिया है। विधायक थप्पड़ कांड और व्यापारी नेता राजू अग्रवाल पर हुए हमले को लेकर व्यापारी भी थाने में तहरीर दे चुके हैं। जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ने प्रेस नोट रिलीज कर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और बंदी की घोषणा की है।

कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं : भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुष्पा सिंह के पति अवधेश सिंह भी भाजपा के सदस्य हैं। इसलिए प्रकरण के बाद पार्टी ने आरोपी नेताओं के खिलाफ बताओ नोटिस जारी कर दिया था। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला की ओर से यह नोटिस गुरुवार को जारी किया गया। समय बीत चुका है और किसी पक्ष की ओर से कोई जवाब नहीं भेजा गया है।

क्रुद्ध योगेश ने एडिशनल और डिप्टी एसपी को किया ’दर से बैरंग’

गनर लौटाने पर मनाने पहुंचे अफसर, आवास से टका सा जवाब, नहीं मिलना चाहते विधायक जी

पुलिस और प्रशासन के कार्रवाई न करने से क्षुब्ध सदर विधायक योगेश वर्मा ने रविवार को दो सुरक्षाकर्मी वापस कर दिए। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर एएसपी पूर्वी उन्हें मनाने पहुंचे, लेकिन सदर विधायक ने उनकी एक नहीं सुनी। इस पर एएसपी बैरंग वापस लौट आए।

अर्बन कोआपरेटिव बैंक के नामांकन के दौरान सदर विधायक की पिटाई कर दी गई थी। इसके बाद एसपी ने सदर विधायक की सुरक्षा बढ़ाते हुए दो अन्य गनर बढ़ाते थे। लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने से आहत सदर विधायक का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। उन्होंने सुरक्षा में तैनात किए गए गनर मुकेश और विक्की सागर को वापस कर दिया। इसकी जानकारी जब एएसपी पवन गौतम को हुई तो वह सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी के साथ विधायक के आवास पर पहुंचे और उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन विधायक ने दोनों सुरक्षाकर्मियों को लेने से मना कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब विधायक नहीं माने तो एएसपी और शहर कोतवाल वापस लौट गए। एएसपी पवन गौतम ने बताया कि सदर विधायक ने दोनों गनर वापस कर दिए हैं। विधायक के गनर वापस करने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस अफसर अभी उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विधायक ने दो टूक सुरक्षा लेने से मना कर दिया है।

Tags

Next Story