लखीमपुर खीरी: भाजपा MLA सौरभ सिंह पर फायरिंग, बाल - बाल बचे विधायक

उत्तरप्रदेश। लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri) में भाजपा विधायक सौरभ सिंह (BJP MLA Saurabh Singh) उर्फ 'सोनू' पर हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। विधायक अपनी पत्नी के साथ वॉक कर रहे थे, तभी दो युवकों को शराब पीते देख टोका। इस पर दोनों युवकों से नोकझोंक हुई और फिर उन युवकों ने फायरिंग कर दी और फरार हो गए। मामला सदर कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया है। विधायक सौरभ सोनू शहर के शिवकालोनी के निवासी हैं।
भाजपा विधायक सौरभ सिंह ने बताया कि, हम रात को खाना खाने के बाद अपनी पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे। उस समय घर से 50 मीटर दूरी पर दो लड़के खड़े थे। उन्होंने हमें देखा और गलत टिप्पणी की। इसके बाद हमने उनका विरोध किया। इसके बाद दोनों लड़कों ने हवाई फायरिंग कर दी। गनर घर के बाहर था। जब तक वे आए दोनों आरोपी भाग गए।
अंधेरे के कारण दोनों बाइक सवारों की शकल नहीं देख पाया। ऐसी घटनाओं को रोके जाने की आवश्यकता है नहीं तो कोई भी बड़ी वारदात करके चला जाएगा।
कस्ता विधायक की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। युवकों की अभी तक पहचान नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।