अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग: बैजनाथ रावत अध्यक्ष, बेचन राम एवं जीत सिंह खरवार बने उपाध्यक्ष...

बैजनाथ रावत अध्यक्ष, बेचन राम एवं जीत सिंह खरवार बने उपाध्यक्ष...
10 सीटों पर प्रस्तावित उप चुनाव से पूर्व सरकार-संगठन की समन्वय बैठक का असर दिखना हुआ शुरू, 20 भाजपा नेताओं का समायोजन

लखनऊ। योगी सरकार 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। इसको देखते हुए सरकार ने शुक्रवार रात एक बड़ा दांव चल दिया है। उप चुनाव से पूर्व ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग का गठन कर दिया गया। आयोग में अध्यक्ष के साथ ही दो उपाध्यक्ष और 17 सदस्यों की घोषणा की गई है। बाराबंकी के पूर्व सांसद एवं विधायक बैजनाथ रावत को अनुसूचित जाति जनजाति आयोग अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

भाजपा सरकार ने पूर्व सांसद एवं विधायक बैजनाथ रावत को आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही गोरखपुर से पूर्व विधायक बेचन राम को उपाध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही, सोनभद्र भाजपा के जिला महामंत्री जीत सिंह खरवार को भी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोग में 17 सदस्यों के नामों की घोषणा की गई है। मेरठ से हरेंद्र जाटव, सहारनपुर से महिपाल वाल्मीकि, बरेली से संजय सिंह और आगरा से दिनेश भारत को सदस्य बनाया गया है।

हमीरपुर से शिव नारायण सोनकर, औरैया से नीरज गौतम, लखनऊ से रमेश कुमार तूफानी और मेरठ से नरेंद्र सिंह खजूरी को सदस्य नियुक्त किया गया है। साथ ही, आजमगढ़ से तीजाराम, मऊ से विनय राम, गोंडा से अनीता गौतम, कानपुर से रमेश चंद्र, भदोही से मिठाई लाल, बरेली से उमेश कठेरिया, लखनऊ से अजय कोरी, कौशांबी से जितेंद्र कुमार और अम्बेडकरनगर से पूर्व विधायक अनिता कमल को आयोग का सदस्य बनाया गया है।

बॉक्स बैजनाथ संभाल चुके हैं विधायक से सांसद तक की जिम्मेदारी: बैजनाथ रावत विधायक से सांसद तक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बैजनाथ 2017 में बाराबंकी की हैदरगढ़ से बीजेपी के टिकट पर विधायक बने थे। उन्होंने सपा के राममगन रावत को 33,520 मतों के अंतर से हराया था। वह 1998 से 1999 तक बाराबंकी से सांसद भी रह चुके हैं। 25 जनवरी 1954 को जन्मे बैजनाथ रावत हैदरगढ़ के भूल भुलिया गांव के निवासी हैं। 2022 में टिकट कटने के बाद पूर्व विधायक बैजनाथ रावत ने विरोध जताया था। उन्होंने बताया कि वो 1980 से पार्टी के साथ जुड़े हैं, पर टिकट मिलने से पहले या बाद में मुझे कोई कारण नहीं बताया गया। उल्टा मेरा अपमान किया जा रहा है।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग

बैजनाथ रावत, अध्यक्ष : बाराबंकी

जीत सिंह खरवार, उपाध्यक्ष : सोनभद्र

बेचन राम, उपाध्यक्ष : गोरखपुर

हरेंद्र जाटव, सदस्य : मेरठ

महिपाल वाल्मीकि, सदस्य : सहारनपुर

संजय सिंह, सदस्य : बरेली

दिनेश भारत, सदस्य : आगरा

शिव नारायण सोनकर, सदस्य : हमीरपुर

नीरज गौतम, सदस्य : औरैया

रमेश कुमार तूफानी, सदस्य : लखनऊ

नरेंद्र सिंह खजूरी, सदस्य : मेरठ

तीजाराम, सदस्य : आजमगढ़

विनय राम, सदस्य : मऊ

अनीता गौतम, सदस्य : गोंडा

रमेश चंद्र, सदस्य : कानपुर

मिठाई लाल, सदस्य : भदोही

उमेश कठेरिया, सदस्य : बरेली

अजय कोरी, सदस्य : लखनऊ

जितेन्द्र कुमार, सदस्य : कौशाम्बी

अनिता कमल, सदस्य : अम्बेडकरनगर

Tags

Next Story