प्रियंका को लेकर पोस्टवार : 'देख चुनाव पहन ली साड़ी, नहीं चलेगी ये होशियारी'

अमेठी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद पहली बार प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को अमेठी में होंगी। उनके स्वागत में जगह-जगह तैयारियां की गई हैं। इस बीच अमेठी में एक बार फिर पोस्टवार हुआ है। अमेठी की दीवारों पर प्रियंका के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर पर लिखा गया है कि 'देख चुनाव पहन ली साड़ी, नहीं चलेगी ये होशियारी'।
एक अन्य पोस्टर पर लिखा गया है कि मई 2014 में बहुत किया था वादा, 5 साल बाद क्या लेकर आई हो फिर। अमेठी को छलने का इरादा-60 साल का हिसाब दो। हालांकि जिस सपा नेता की फोटो के साथ ये पोस्टर लगाया गया है उस नेता ने इसका खंडन किया है।
सपा नेता जय सिंह यादव ने कहा है कि जिस तरीके से आज प्रियंका गांधी अमेठी आ रही हैं अमेठी के लोग उमड़े हैं जगह-जगह स्वागत करने के लिए खड़े हैं। वहीं कुछ लोग हमको बदनाम करने के लिए प्रियंका गांधी जी के विरोध में पोस्टर लगाए हैं। ये पूरी तरह से ग़लत है मैं इसका खंडन करता हूं। ये साजिश है, प्रियंका गांधी अमेठी आए उनका स्वागत है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को प्रियंका गांधी अमेठी के एएच इंटर कॉलेज में कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी। इसके साथ ही, कुछ संगठनों के लोगों से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है। प्रियंका रात्रि विश्राम रायबरेली के भूएमऊ गेस्ट हाउस में करेंगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा ने कहा के भारतीय जनता पार्टी की कुंठित मानसिकता का प्रतीक है। ये लोग चाहे राहुल जी हों चाहे प्रियंका जी हों उनके खिलाफ पोस्टर लगाना, विरोध प्रदर्शन करना इनकी नियती हो गई है। इनके चंद लोग हैं जो अमेठी के हैं भी नहीं, बाहर से आ जाते हैं। 10-5 लोग केवल इस तरह का कृत्य करते हैं। इसमें अमेठी के लोगों का कोई मतलब नहीं और न इससे कुछ होने वाला है।