80 घंटे का रहा फडणवीस का दूसरा कार्यकाल, 52 साल के इतिहास में बनाया ये रिकॉर्ड

मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। फडणवीस ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने जा रहा हूं। देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और अजित पवार ने डिप्टी सीएम के पद की शपथ ली थी।
बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र में तीन दिनों तक मुख्यमंत्री रहे। वहीं, प्रदेश में एनसीपी नेता अजित पवार भी तीन दिनों तक ही डिप्टी सीएम रहे। बता दें कि उन्होंने शनिवार को सुबह 7.30 बजे राज्य के 28वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। फडणवीस का कार्यकाल सिर्फ 80 घंटे का रहा। शपथ ग्रहण के चौथे दिन ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। फडणवीस राज्य के सबसे कम समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। हालांकि, पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले वह राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
हम आपको बता दें कि महाराष्ट्र में सबसे कम समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता कांग्रेस के पीके सावंत भी हैं, जो 8 दिनों तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे। उनका कार्यकाल 25 नवंबर 1963 से 4 दिसंबर 1963 तक का था। वहीं, महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री का तीसरा सबसे कम कार्यकाल कांग्रेस के शिवाजी राव पाटिल के नाम था। पाटिल 276 दिन तक मुख्यमंत्री रहे। इनका कार्यकाल 3 जून 1985 से 6 मार्च 1986 तक रहा है।
फडणवीस राज्य में रिकॉर्ड 52 साल के इतिहास में पहले मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने 5 साल पद पर रहने के बाद दोबारा फिर से प्रदेश की कमान संभाली थी। हालांकि, इस दौरान राज्य में 11 दिन राष्ट्रपति शासन भी लगा रहा। पहली बार ऐसा करने की उपलब्धि कांग्रेस के वसंतराव नाइक के नाम है।
फडणवीस से पहले कांग्रेस के वसंतराव नाइक 5 साल पूरे करके लगातार दूसरे कार्यकाल में मुख्यमंत्री बने थे। वे पहले 1963 में मुख्यमंत्री बने। दूसरी बार उन्होंने 1967 में यह पद संभाला। वे तीसरी बार 13 मार्च 1972 को फिर राज्य के मुख्यमंत्री बने, लेकिन 1975 में आपातकाल के दौरान उन्हें पद से हटाकर शंकरराव चव्हाण को राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया गया था। महाराष्ट्र में 1960 से 2014 तक 28 मुख्यमंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 18 नेता अलग-अलग बार इस पद पर रहे।