- Home
- /
- देश
- /
- मध्यप्रदेश
- /
- उज्जैन
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने महाकाल के किए दर्शन, इंदौर में हुआ जमकर स्वागत

इंदौर/उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर आए। यहां उनका पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वे यहां से सीधे उज्जैन रवाना हो गए। उन्होंने सबसे पहले महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा चार्टर्ड विमान से मंगलवार पूर्वान्ह 11.45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद शंकर लालवानी, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत करते हुए उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से वे रैली के लिए ओपन जीप में सवार होकर निकले। इस दौरान जगह-जगह उनका जोरदार स्वागत हुआ। उनके स्वागत के लिए करीब 300 जगह मंच लगाए गए थे। सुबह से ही उनकी अगवानी के लिए हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जमा हो गए थे।
महाकाल के दर्शन -
इंदौर में स्वागत के बाद वे उज्जैन रवाना हुए, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। इसके बाद वे देवास के लिए रवाना हो गए। यहां वे राज्य सरकार के पोषण आहार एवं सहायता वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को नड्डा देवास से इंदौर आएंगे और भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत के यहां जाएंगे और उनकी माताजी के निधन पर शोक जताएंगे। वहां से भाजपा कार्यालय जाएंगे और प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। भाजपा अध्यक्ष नड्डा शाम सात बजे वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।