मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के दूसरे चरण का किया भूमिपूजन, कहा- जल्द महालोक के रूप में होगा परिवर्तित

मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के दूसरे चरण का किया भूमिपूजन, कहा- जल्द महालोक के रूप में होगा परिवर्तित

उज्जैन। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान मंगलवार दोपहर उज्जैन आए। आपने यहां महाकाल लोक के प्रथम चरण के भव्य लोकार्पण समारोह के लिए संतों का आभार माना और सम्मान किया। साथ ही द्वितीय चरण के लिए भूमिपूजन भी किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महाकालेश्वर की कृपा से प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण के अन्तर्गत निर्माणाधीन कार्य शीघ्र ही पूर्ण होंगे। 'श्री महाकाल लोक' शीघ्र ही 'महालोक' के रूप में परिवर्तित होगा। 47 हेक्टेयर का विशाल परिसर दिव्य और अलौकिक ऊर्जा का केन्द्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक का किया भ्रमण


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को उज्जैन प्रवास के दौरान नवनिर्मित महाकाल लोक का भ्रमण किया। सांसद अनिल फिरोजिया ने इलेक्ट्रॉनिक वाहन चलाया, जिसमें बैठकर मुख्यमंत्री चौहान ने महाकाल लोक में निर्मित कलाकृतियों का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के अनुपम सौन्दर्य का अवलोकन करने प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आये श्रद्धालुओं से चर्चा की। उन्हें महाकाल लोक के अदभुत सौन्दर्य एवं पत्थरों पर उकेरी गई कलाकृतियों की जानकारी दी और उनसे फीडबेक भी लिया।

महाकाल लोक अद्वितीय है एवं अनुपम



प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं देश के विभिन्न स्थानों से आये हुए श्रद्धालुओं ने महाकाल लोक की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री चौहान को बताया कि महाकाल लोक अद्वितीय है एवं अनुपम है। इसकी तुलना किसी भी वस्तु से नहीं की जा सकती है। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे यहां से जाने के बाद अपने परिचितों एवं स्वजनों को महाकाल लोक की अनुभव यात्रा के बारे में बतायेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे कि वे महाकाल लोक का भ्रमण एक बार अवश्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल लोक का अनुभव करना है तो मन में श्रद्धा का भाव लायें। इससे महाकाल लोक की अनुभूति दुगुनी हो जायेगी।

Tags

Next Story