सपा सांसद का बड़ा आरोप: पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जंगल में ले जाकर पीटा, फर्जी मुकदमे लादे-अवधेश प्रसाद…

पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जंगल में ले जाकर पीटा, फर्जी मुकदमे लादे-अवधेश प्रसाद…
X

अयोध्या। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद अवधेश प्रसाद, पूर्व मंत्री पवन पांडे और सपा जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर अयोध्या पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 5 फरवरी को मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई के आरोप में आठ सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज किया गया मुकदमा पूरी तरह फर्जी है।

सपा सांसद ने कहा कि मतदान के दौरान खंडासा पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को पकड़कर जंगल में ले गई। वहां पुलिस ने गाड़ी में शराब की बोतल रखकर जबरन उनकी तस्वीरें लीं, ताकि उन्हें झूठे केस में फंसाया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं के हाथों के नाखून निकालने की कोशिश की और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।

गोली मार दो, लेकिन अखिलेशवादी रहेंगे

सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि पुलिस के टॉर्चर के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पुलिस के सामने डटकर कहा "हमें चाहे गोली मार दो, लेकिन हम अखिलेशवादी और अवधेशवादी ही रहेंगे।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भखौली बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता जबरन बूथ कैप्चरिंग कर रहे थे। विरोध करने पर पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया।

सपा नेताओं ने झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि अगर निष्पक्ष कार्यवाही नही हुई तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी।

Tags

Next Story