- Home
- /
- देश
- /
- उत्तरप्रदेश
- /
- लखनऊ
उप्र में भारत बंद बेअसर, कम संख्या में जुटे किसान, पुलिस से झड़प के बाद पीछे हटे

लखनऊ। शहर के बाहर ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुख्य मार्गो पर भारत बंद करा रहे किसानों की पुलिसकर्मियों से झड़प हुई। कम संख्या में जुटे किसानों को प्रत्येक जगहों पर पीछे हटना पड़ा। वही शहरी क्षेत्र में भारत बंद का असर होता नहीं दिखायी पड़ा।
लखनऊ में सुबह 11 बजे के करीब सीतापुर रोड पर 30 से 40 किसानों का एक समूह मुख्य मार्ग पर आ गया और उसे जाम करने की कोशिश की। करीब आधे घंटे में मड़ियांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसने जाम को हटवाते हुए किसान समूह को खदेड़ दिया। इस दौरान किसानों ने हाथ में लिये काले झंडे को पुलिसकर्मियों पर फेंका तो उन्होंने झंडे फेंकने वाले किसानों को पकड़कर पुलिस जीप में बैठा लिया।
दोपहर बाद सुल्तानपुर रोड के हाइवे पर भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों का एक समूह मुख्य मार्ग पर आया लेकिन भारी पुलिस बल के सामने किसानों को जाम करने की हिम्मत नहीं हुई। किसानों की संख्या में इतनी कम थी कि पुलिसकर्मी उन पर भारी पड़ गये।सपा, बसपा, आप जैसी पार्टियों के समर्थन के बावजूद शहरी क्षेत्रों में भारत बंद का असर बेअसर रहा। किसानों के भारत बंद के आह्वाहन को लखनऊ शहर में विफलता हाथ लगी। शहर के बड़े बाजारों और प्रतिष्ठान खुले रहे। शहरी क्षेत्र में रोजमर्रा की तरह की लोगों का आवागमन दिखलायी पड़ा।