सहारनपुर में भाजपा नेता ने पूरे परिवार को मारी गोली: 2 बेटे-एक बेटी की मौत, पत्नी जिंदगी के लिए कर रही संघर्ष…

2 बेटे-एक बेटी की मौत, पत्नी जिंदगी के लिए कर रही संघर्ष…
X
पुलिस पूछताछ में भाजपा नेता ने बताया कि पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते कई बार हो चुका था विवाद

सहारनपुर। सहारनपुर के गंगोह इलाके में भाजपा नेता योगेश रोहिला ने शनिवार दोपहर को अपने तीन मासूम बच्चों और पत्नी को गोली मार दी। भाजपा नेता ने सभी को सिर में गोली मारी है। गोली लगने से 11 साल की बेटी और 4 एवं 6 साल के बेटों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

भाजपा नेता की पत्नी को नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद जहां पुलिस महकमे में हड़कंप तो परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुटे हैं। पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता योगेश रोहिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। दिल दहला देने वाली यह घटना थाना गंगोह इलाके के गांव सांगाठेडा में हुई है।

यहां पर भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य योगेश रोहिला अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है। किसी बात को शनिवार की दोपहर योगेश रोहिला ने पत्नी नेहा, 11 वर्षीय बेटी श्रद्धा, 6 वर्षीय बेटे शिवांश और 4 साल के बेटे देवांश के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से सभी जमीन पर गिर पड़े।

फायरिंग और चीख पुकार को आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही थाना गंगोह पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से आरोपी पिता को असलाह के साथ गिरफ्तार कर लिया। आननफानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी को गंगोह सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 11 वर्षीय श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया। सभी की नाजुक हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान 4 साल के मासूम देवांश और 6 साल का बेटा शिवांश ने भी दम तोड़ दिया। पत्नी नेहा को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

उधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम और पुलिस घटनास्थल पर बारीकी से जांच कर रही है। हत्यारोपी पिता भाजपा नेता योगेश रोहिला से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी रोहित साजवान ने बताया कि हत्यारोपी योगेश रोहिला ने खुद पुलिस को फोन करके न सिर्फ घटना की जानकारी दी बल्कि अपना गुनाह भी कबूल कर लिया है। लाइसेंसी पिस्टल के साथ पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

पुलिस पूछताछ में भाजपा नेता ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते कई बार पति पत्नी के बीच विवाद हो चुका था। शनिवार को फिर उनके बीच विवाद हुआ और उसने गुस्से में आकर पत्नी और बच्चों को गोली मार दी। हैरत की बात ये है कि घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे पिता को कोई पछतावा नहीं है।

Tags

Next Story