- Home
- /
- देश
- /
- उत्तरप्रदेश
- /
- लखनऊ
भाजपा ने '8 वर्षों' में अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य ढांचा कर दिया बर्बाद: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार में 4 वर्ष केंद्र के साथ और 4 वर्ष राज्य सरकार के जोड़कर इनमें उपलब्धियों के नाम पर नतीजा शून्य बटा शून्य ही रहा है। भाजपा ने अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य ढांचा, कानून-व्यवस्था सबको बर्बाद कर रसातल में पहुंचा दिया है। उन्हें 8 वर्षों का हिसाब जनता को देना होगा।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा है कि अस्पतालों में इलाज-दवा-आक्सीजन के अभाव में तड़प-तड़प कर और कफन-दफन के बिना मरे हुए लोगों की आत्माएं भाजपाई सरकार की कथित उपलब्धियों की सबसे बड़ी गवाह हैं। कोरोना संकट से अभी भी न निपटने की नीति है, न नियत है। इस महामारी से निपटने में भाजपा सरकार की विफलता जगजाहिर है। सरकारी आंकड़ों से ही देश में 3,22,512 मौतें हो गई जबकि अन्य संचार माध्यमों ने मौतों की संख्या कहीं अधिक बताई है।
नोटबंदी, जीएसटी थोपकर समस्त व्यापारिक गतिविधियों को चौपट कर दिया गया। किसानों बैंक कर्ज से राहत और कृषि के काले कानूनों से निजात नहीं मिल रही है। मरीजों के उपयोग में आने वाली दवाएं गायब, काला बाजारियों की चांदी, प्रशासन अपनी नाकामी छुपाने को आंकड़ो में हेराफेरी का खेल कर रही है। सच तो यह है कि न गंगा माई के, न गोमाता के भाजपाई सिर्फ जनता को छल कर सत्ता हासिल करने के एक मात्र काम में लगे रहने वाले लोग हैं।
भाजपाई छद्म राष्ट्रवाद और खोखली नैतिकता की आड़ में प्रदेश की जनता को ठगने का काम कर रहे हैं। जनता अब भाजपा सरकार से सन् 2022 में निजात पाने का संकल्प कर चुकी है। वह पुनः समाजवादी सरकार बनाएगी ताकि प्रदेश फिर उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में चल सके। वैसे भी लाखों मौतों के प्रति संवेदनहीनता दिखाने वाली भाजपा सरकार के 'दिन है बचे चार' अब जनता नहीं करेगी माफ।