सारा सिंह की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को जेल भेजें मुख्यमंत्री

सारा सिंह की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को जेल भेजें मुख्यमंत्री
X
मृतका की मां अधिवक्ता सीमा सिंह ने हत्याकांड के आठ वर्ष पूर्व होने पर मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
सीमा सिंह बोलीं- आरोपी अपने रसूख का इस्तेमाल कर जमानत पर बाहर आकर परिवार को दे रहा धमकियां

लखनऊ। 8 वर्ष पूर्व 9 जुलाई, 2015 को फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज में हुए बहुचर्चित सारा सिंह मर्डर के दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए थी, जबकि वह जमानत लेकर खुलेआम घूम रहे हैं। इतना ही नहीं, आठ वर्षों से सारा सिंह के लिए न्याय की उम्मीद में संघर्ष कर रहे परिवार को आए दिन धमकियां मिल रही हैं। हत्या का मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी का पूर्व विधायक बेटा अमनमणि त्रिपाठी हत्या करवाने की धमकी देकर केस में पैरवी न करने का लगातार दबाव बना रहा है। उक्त बातें सारा सिंह की मां और अधिवक्ता सीमा सिंह ने निज आवास पर शनिवार को बुलाई गई पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप करने और आरोपियों को सख्त सजा दिलाए जाने की गुहार लगाई।

अधिवक्ता सीमा सिंह ने स्वदेश को बताया कि पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के हत्यारे बेटे अमनमणि त्रिपाठी ने मेरी बेटी की फिरोजाबाद के सिरसागंज में 9 जुलाई, 2015 को दर्दनाक हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे भारतवर्ष में आक्रोश व्याप्त हुआ था। तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार ने तुरंत सीबीआई जांच आदेश पारित किया और एफआईआर दर्ज कराकर आरोपियों को जेल भेजा था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन बाद ही आरोपी अपनी पहुंच का लाभ उठाकर जमानत पर बाहर आ गया। वह सरेआम घूम कर गुंडई कर रहा है। आए दिन मुझे धमकियां दे रहा है। इसके आदमी परेशान कर रहे हैं। सरकार से सुरक्षा की मांग करती हूं। उन्होंने कहा कि 8 वर्षों से मुकदमा लड़ते-लड़ते अब थक चुकी हूं। उन्होंने प्रण लेते हुए कहा कि जीवन के अंतिम दौर तक मैं संघर्ष करती रहूंगी, जिससे हत्यारे को सजा दिलाने में कामयाबी मिले।

उन्होंने बताया कि इस बाबत तीन बार मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए रिक्वेस्ट भेजी। पता नहीं किन कारणों अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय नहीं मिल पाया है। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपनी बेटी के पुण्यतिथि पर मिलने की मांग करती हूं। सुरक्षा कारणों से आए दिन परिवार को खतरा बना हुआ है। मुख्यमंत्री से मिलना नितांत आवश्यक हो गया है। उन्होंने जनता के नाम खुले संदेश में कहा कि मैंने अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग की है जनता और सरकार बेटी को न्याय दिलाएं।

Tags

Next Story