अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर की नींव में लगेगी ब्रज की रज

अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर की नींव में लगेगी ब्रज की रज
X
-श्रीकृष्ण की जन्मभूमि सहित ब्रज के प्रमुख मंदिरों में रजत शिला का भव्य पूजन कराया गया है

मथुरा। भगवान विष्णु के अवतार प्रभु श्री राम और श्रीकृष्ण के प्रति करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का संगम अयोध्या में होने जा रहा है। प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली में उनके भव्य मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस मंदिर की नींव में श्रीकृष्ण के ब्रज मथुरा की रज समाहित होगी। इस रज लगी चांदी की शिला को मंदिर की नींव में रखा जाएगा। धर्म रक्षा संघ ने इस रजत-शिला का श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थित ठाकुर केशव देव मंदिर में विधि विधान से पूजन किया।

संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि मथुरा में श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर पूजित होने के बाद यह रजत शिला अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर की नींव में स्थापित होगी। ब्रजवासियों के लिए ये गौरव की बात है। ब्रज की माटी की सुगंध अयोध्या श्रीराम लला के मंदिर में पहुंचेगी। वरिष्ठ हिंदूवादी नेता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि हमने अपने जीवन काल में राम मंदिर निर्माण के लिए होने वाले सभी आंदोलनों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि ब्रज के समस्त स्थानों से एकत्रित की गई ब्रजरज जब श्री राम जन्म भूमि की नींव में पहुंचेगी। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश ने बताया कि ब्रज के अनेक महापुरुष व साधु-संतों द्वारा अब तक इस रजत-शिला का पूजन किया जा चुका है। रजत शिला का प्रथम पूजन पूर्व में ही महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज के कर कमलों द्वारा कराया जा चुका है। उन्होंने बताया के ब्रज के सभी प्रमुख स्थानों में पूजित होने के बाद रजत शिला अयोध्या पहुंचाई जाएगी। इस अवसर पर धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़, महामंडलेश्वर स्वामी रुद्रदेवानंद महाराज, स्वामी चंदन मुनि महाराज, स्वामी देवानंद महाराज, गोपेश गोस्वामी, रविकांत गौतम, ज्योतिषाचार्य लक्ष्मीनारायण मिश्र आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Next Story