शीतला माता पूजन को मंदिर में रात से लगी भीड़

शीतला माता पूजन को मंदिर में रात से लगी भीड़
X

मथुरा। होली के बाद सोमवार को नगर में शीतला माता की पूजा अर्चना की गई। नगर में कई स्थानों पर शीतला माता के मंदिरों में अद्र्धरात्रि के बाद से ही महिलाओं ने होली स्थल की पूजा कर जल अर्पण किया।

वहीं घीयामण्डी स्थित मां शीतला मंदिर, छत्ता बाजार में मंगनी माता, भैंस बहोरा में पथवारी माता, यमुना बाग रोड स्थित कैला देवी मंदिर, वृन्दावन मार्ग पर चामुण्डा देवी माता आदि मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी और देवी मां को प्रसन्न कर आगामी दिनों में आ रही गर्मी से मुक्ति पाने की कामना की तथा अपने घरों में जलाई होली स्थल को जल अर्पित कर शीतलता प्रदान की।

बासौड़ा को लेकर कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया गया। नगर में कई स्थानों पर शीतला माता के मंदिर स्थापित है, जिनमें अद्र्धरात्रि के बाद से ही पूजा अर्चना को महिलाओं और पुरुषों का पहुंचना शुरू हो गया था। दिन निकलते-निकलते मंदिरों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं में माता को पहले पूजने की होड़ लगी रही। भोर से ही नगर की राहें भक्ति मय हो गई।

शीतला माता के मंदिरों की तरफ महिलाओं का जाना शुरू हो गया। महिलाओं ने वहां पहुंचकर माता के दर्शन किये तथा पूजा-अर्चना कर स्वयं को धन्य माना। माता पूजन देर सायं तक चलता रहा। शीतला माता पूजन के लिए घर-घर में रविवार की रात्रि व्यंजन बनाए गए। मान्यता है कि इस दिन बासी व्यंजन का माता को भोग लगाया जाता है। उन्हीं व्यंजनों का महिलाओं ने मंदिरों में माता का भोग लगाया।

Next Story