मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5.55 अरब के कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

कानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को कानपुर पहुंचे। यहां पर उन्होंने डीएवी काॅलेज के फूलबाग स्थित खेल मैदान में जनसभा को संबोधित किया इससे पहले मुख्यमंत्री ने 5.55 अरब रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा की अब तो यहां मेट्रो ट्रेन भी आ रही है। नवंबर के अंत में हम लोग यहां मेट्रो का संचालन भी प्रारंभ करने वाले हैं। ये कानपुर का बदलता हुआ नक्शा है।
उन्होंने कहा की कानपुर में नया एयरपोर्ट बन रहा है जहां एक साथ तीन विमान उतर सकते हैं। पिछली सरकार में उनकी उपेक्षा के चलते कानपुर की हालत खराब थी:एक समय प्रदेश के सामने पहचान का संकट आ खड़ा हुआ था। उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट उन लोगों ने खड़ा किया जिन लोगों ने पेशेवर अपराधियों और माफियाओं के सामने प्रदेश कि स्थिति को गिरवी रख दिया था। ये वही लोग हैं जिन्होंने प्रदेश का राजनीतिक अपराधीकरण किया था।
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा -
गोरखपुर घटना का जिक्र करते हुए कहा की 2 दिन पहले गोरखपुर में एक दुखद घटना घटी थी। मैंने उसी दिन गोरखपुर पुलिस को कहा था कि तत्काल मुकदमा दर्ज़ होना चाहिए और दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा। अपराधी, अपराधी होता है। मैंने कल सुबह ही यहां के ज़िला प्रशासन को कहा था कि मैं पीड़ित परिवार से मिलना चाहूंगा। क्योंकि दुखद घटना घटी है उसकी पीड़ा के साथ जुड़ना हमारा दायित्व है। दोषी बख्शा नहीं जाएगा, सबकी जवाबदेही भी तय करेंगे। अपराध और अपराधियों को बर्दाश्त न करने की सरकार की नीति किसी से छुपी नहीं है। सरकार ने जो कहा वो करके दिखाया है। कानपुर तो इसका जीता जागता उदाहरण है।