- Home
- /
- देश
- /
- उत्तरप्रदेश
- /
- अन्य
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोली मारकर हत्या

बड़ौत। बागपत जिले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की मंगलवार की सुबह बदमाशों ने उनके खेतों के पास गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना से इलाके और पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल उनकी हत्या का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर रोजाना की तरह आज सुबह घर से मार्निंग वॉक के लिए गए थे। लौटते समय उनके खेतों के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और तमंचे से तीन गोली मारकर संजय खोखर की हत्या कर दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सीओ बड़ौत आलोक सिंह व इंस्पेक्टर दिनेश चिकारा मयफोर्स के मौके पर पहुंच गए और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष के शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही घटनास्थल को सीज कर दिया। घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश है। भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर ने घटना से पार्टी हाईकमान को अवगत करा दिया है। साथ ही जिलाध्यक्ष ने पुलिस से हत्यारोपितों को पकड़ने की मांग की है। उधर एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व जिलाध्यक्ष के पीठ, कनपटी व सीने में तमंचे से गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल से एक 315 का कारतूस भी मिला है। हत्यारोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द हत्योराेपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।