- Home
- /
- देश
- /
- उत्तरप्रदेश
- /
- अन्य
बांदा पहुंची मायावती, अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए किया प्रचार

बांदा। बसपा के समर्थन में जनसभा करने पहुंची पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शहर के नरैनी रोड स्थित एक कालेज के पास अपने संबोधन में कहा कि बसपा प्रदेश में अकेले दम पर चुनाव लड़ रही है। सरकार बनी तो पिछली सरकार में जनता को मिल रही सभी सुविधाएं बहाल होंगी, गुंडाराज और अराजकता को पूर्ण रूप से खत्म किया जाएगा। कानून व्यवस्था में सुधार होगा, बसपा किसानों बेरोजगारों और वंचितों के लिए काम करेगी।
वर्तमान भाजपा सरकार में दलितों, मुसलमानों के साथ ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है, इसे रोका जाएगा। बसपा किसी भी चुनाव में कोई घोषणा पत्र नहीं लाती। बसपा कहने में नहीं करने में विश्वास रखती है। 2007 में बनी बसपा सरकार ने चित्रकूटधाम मंडल को डकैतों से मुक्त कराया, वर्तमान भाजपा और पूर्ववर्ती सपा सरकार ने प्रदेश का बंदरबांट किया है। विकास के नाम पर दंगे और जातीय विद्वेष फैलाने का काम किया, संबोधन के आखिर में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने हर पोलिंग बूथ को जिताना है बसपा की सरकार बनाना है के नारे के साथ लोगों से पांचवी बार बसपा की सरकार और खुद को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। रैली के दौरान मंडल के बसपा प्रत्याशी, पदाधिकारी, समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।