- Home
- /
- देश
- /
- अन्य
- /
- पश्चिम बंगाल
तृणमूल कांग्रेस ने जीती चारों नगर निगम, मुख्यमंत्री ने जनता को समर्पित की जीत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के चंदननगर, बिधाननगर, सिलीगुड़ी और आसनसोल नगर निगम के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत को पार्टी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों को समर्पित किया है। उन्होंने जीत दर्ज करने वाले पार्षदों को और अधिक विनम्र तथा लोगों के प्रति समर्पित होने की नसीहत दी है।
राज्य की चारो नगर निगम के चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। मतगणना के शुरुआत के दो घंटे में ही तृणमूल कांग्रेस की जीत स्पष्ट होने लगी थी। दोपहर तक तृणमूल कांग्रेस के चारों नगर निगम के चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ली। इसके बाद पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सामने आकर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जीतने वालों को और अधिक नम्र तथा मानवीय होना पड़ेगा। लोगों के हित में काम करने के लिए मैदान में कूदना होगा। उन्होंने कहा कि यह जीत लोगों की जीत है। शांतिपूर्वक तरीके से लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, इसलिए यह जीत हमें उत्साहित करने वाली है।
इस मौके पर कांग्रेस, माकपा और भाजपा पर एक सुर में हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में बड़ी जीत हासिल करने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर के लिए कुछ भी नहीं किया है। इसीलिए नगर निगम चुनाव में लोगों ने उन्हें सबक सिखा दिया है। बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत हुई है जो जनमत का संकेत है।