Home > Archived > नासा मंगल पर भेजेगा 1.38 लाख भारतीयों के नाम

नासा मंगल पर भेजेगा 1.38 लाख भारतीयों के नाम

नासा मंगल पर भेजेगा 1.38 लाख भारतीयों के नाम
X

-अगले वर्ष मई में शुरू होगा मिशन
नई दिल्ली। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (नासा) अपने मिशन के तहत दुनियाभर के 24 लाख लोगों के नाम मार्स (मंगल ग्रह) पर भेजेगी। 1 लाख 38 हजार भारतीयों ने भी इसके लिए पंजीयन कराया है। इस वैश्विक सूची में भारत का नंबर तीसरा है। ये नाम नासा के इस मिशन इनसाइट के जरिए भेजे जाएंगे। यह 5 मई 2018 को लॉन्च किया जाएगा और 26 नवंबर, 2018 को मार्स पर लैंड करेगा। पंजीकृत कराए गए नामों को एक सिलिकॉन चिप पर इलेक्ट्रॉन बीम की मदद से उकेरा जाएगा। चिप पर लिखे जाने वाले अक्षर बाल के हजारवें हिस्से से भी पतले होंगे। सभी नामों को दर्ज करने के बाद यह चिप नासा के अंतरिक्ष यान से मंगल पर भेजी जाएगी। नासा इस मिशन पर भले ही लोगों के नाम भेज रहा है, लेकिन यादगार के लिए बाकायदा उन्हें बोर्डिंग पास जारी कर रहा है। नासा ने भी इस मिशन से जुड़ने के लिए लोगों का शुक्रिया अदा किया है।

अमेरिका, चीन के बाद सूची में सबसे ज्यादा भारतीय

नासा ने मिशन को इनसाइट नाम दिया है। नासा ने बताया मिशन के लिए दुनियाभर से 24 लाख 29 हजार 807 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें पहले नंबर पर अमेरिका से 6 लाख 76 हजार, चीन दूसरे नंबर पर 2 लाख 62 हजार और तीसरे नंबर पर भारत से 1 लाख 38 हजार लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

क्या है नासा का मंगल मिशन

नासा का इनसाइट मिशन 720 दिन का होगा। इसमें मंगल से जुड़ी कई अहम जानकारियां जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह पहला मौका नहीं है जब नासा ऐसा कर रहा है। इससे पहले 2015 में भी उसने अंतरिक्ष मिशन पर भेजने के लिए 8 लाख 27 हजार लोगों के नाम जुटाए थे।

Updated : 10 Nov 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top