Home > Archived > 'सपाक्स' लड़ेगी विधानसभा चुनाव, 148 सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी

'सपाक्स' लड़ेगी विधानसभा चुनाव, 148 सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी

भोपाल ब्यूरो। सामान्य पिछड़ा अल्पसंख्यक वर्ग संगठन (सपाक्स) समाज संस्था 2018 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। संस्था पूरी तैयारी के साथ बुधनी, विदिशा सहित तमाम अनारक्षित (148) सीटों से अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए राजनीतिक पार्टी के रूप में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शहर में संस्था के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक में यह घोषणा की गई है। सपाक्स समाज संस्था के पदाधिकारी 'पदोन्नित में आरक्षण' मामले में राज्य सरकार की एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज हैं और सरकार से लगातार दूसरे पक्ष की सुध लेने की गुहार लगाते रहे हैं। जब सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो संस्था ने 'आम आदमी पार्टी' की तर्ज पर प्रदेश में अनारक्षित वर्ग की राजनीतिक पार्टी बनाने का निर्णय ले लिया। संस्था 30 अप्रैल को प्रदेशभर में न्याय दिवस मनाएगी। हर जिले में कार्यक्रम होंगे। पिछले साल इसी दिन मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने अनारक्षित वर्ग के पक्ष में फैसला सुनाया था। जबकि 12 मई को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दिन राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में एसएलपी दायर की थी। संस्था प्रदेशभर में नुक्कड़ सभाएं करेगी।

Updated : 18 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top