Home > Archived > रेड कॉरीडोर पर नहीं चलेंगी निजी बसें

रेड कॉरीडोर पर नहीं चलेंगी निजी बसें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) रेड कॉरीडोर पर अब निजी बसें नहीं चलाएगा। इन राष्ट्रीय कृत मार्गों पर अभी रोडवेज की बसें चल रही है। पहलेे यह खाका तैयार किया जा रहा था कि जिन रूटों पर अवैध रूप से निजी बसें डग्गामारी कर रही है उन रूटों पर निजी बसें चलाई जाए।

रोडवेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बुधवार को बताया कि रेड कॉरीडोर पर निजी बसें चलाने की जोर-शोर से तैयारी चल रही थी, लेकिन रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के विरोध के बाद यह मामला अब बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि कई बड़े अधिकारियों की मंशा थी कि रेड कॉरीडोर पर निजी बसें चलें।

अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को बेहतर बस सेवा देने की मंशा वाले इस प्रस्ताव में यह तर्क दिया गया है कि परिवहन निगम के पास इतनी संख्या में बसें नहीं हैं, जितनी संख्या में यात्री है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए और डग्गामारी रोकने के लिए इन निजी बसों को परिवहन निगम की रेड कॉरीडोर रूट पर चला दिया जाए तो इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश मिश्र ने बताया कि प्रदेश के 9.2 फीसदी सड़क मार्ग ऐसे हैं जहां सिर्फ परिवहन निगम की बसें चल सकती हैं। इन मार्गों को रेड कॉरीडोर रूट का दर्जा दिया गया है। इन मार्गों पर यदि निजी बसें चलाने की तैयारी हो रही थी। उन्होंने कहा कि यदि निजी बसें इन मार्गों पर चला दी गई होती तो परिवहन निगम का अस्तित्व खतरें में पड़ जाता है।
उन्होंने कहा कि 9.2 फीसदी सड़क मार्ग पर अभी निजी बसों के संचालन की अनुमति नहीं है, शेष पर उनके संचालन पर कोई रोक-टोंक भी नहीं है।
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में निजी बस ऑपरेटरों ने रेड कॉरीडोर मार्ग पर रोडवेज बसों के साथ-साथ निजी बसों का संचालन करने की मांग उठाई थी। उस वक्त परिवहन निगम प्रशासन ने इसका विरोध किया था। जिसके बाद रेड कॉरीडोर पर निजी बसों को संचालित किए जाने की योजना रद्द कर दी गई थी।

Updated : 26 April 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top