Home > Archived > ट्रांस यमुना कॉलोनी में महिला को मारी गोली

ट्रांस यमुना कॉलोनी में महिला को मारी गोली

आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी में मंगलवार को छत पर काम करती महिला को अज्ञात ने गोली मारकर घायल कर दिया। पास ही खेल रहा पांच वर्षीय मासूम बाल-बाल बच गया।

ट्रांस यमुना फेस दो निवासी हेमलता पत्नी शैलेन्द्र मंगलवार दोपहर छत पर कपड़े धोने गई थीं। उनका पांच वर्षीय पुत्र दिव्यांशु और बहन कमला पास ही बैठी थीं। कमला के मुताबिक इसी बीच कॉलोनी की किसी छत से अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी, जो उनके दाएं हाथ में आकर लगी। खून निकलने पर बहन कमला को लगा कि चूड़ी टूटने से हाथ में चोट लगी होगी। पास ही पड़ा खोखा देख उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। उन्होंने घायल हेमलता को अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, लेकिन सुराग नहीं मिला। लोगों का कहना था कि उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी थी। वह कहां से चली यह पता नहीं लगा। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार पांडेय ने बताया अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हमलावर का सुराग लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated : 10 May 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top